कनीना। उपमंडल के गांव धनौंदा में संत बाबा नरेंद्रगिरी महाराज की ओर से 14 मई से की जा रही 84 धूनी तपस्या इन दिनों आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं के लिए आस्था, श्रद्धा और भक्ति का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु तपस्या स्थल पर पहुंचकर धूणों की परिक्रमा कर रहे हैं व भजन-कीर्तन और सत्संग में भाग ले रहे हैं।
धनौंदा, खरकड़ा बास, झाड़ली, छिथरोली, खेड़ी-तलवाना, सीहोर, नौताना, सेहलंग, उन्हाणी, अगिहार, पाथेड़ा, कैमला सहित अनेक गांवों से श्रद्धालु तपस्थली पर पहुंच रहे हैं। ग्रामीण पितांबर प्रधान, रविंद्र, रमेश हलवाई, सुरेंद्र सिंह, विजय शर्मा, रोशनी, संतोष व कंवर सिंह सोनी ने बताया कि बाबा नरेंद्रगिरी महाराज की तपस्या से पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना हुआ है।
बताया कि बाबा की तपस्या को अब 16 दिन पूरे हो चुके हैं तथा 41 दिनों तक जारी रहेगी। श्रद्धालु ज्योति, कृष्णा, आशा और नेहा ने बताया कि बड़ी संख्या में महिलाएं भी तपस्थली पर पहुंचकर श्रद्धा और विश्वास के साथ 84 धूणों की परिक्रमा कर रही हैं।
उनका मानना है कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना और श्रद्धा से मांगी गई मनोकामनाएं अवश्य पूरी होती हैं। बाबा नरेंद्रगिरी महाराज प्रतिदिन सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक 84 धूणों के मध्य बैठकर कठोर तपस्या कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह तपस्या समाज, राष्ट्र और मानवता की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए की जा रही है। इससे पूर्व भी वे झाड़ली गांव में कड़ाके की सर्दी के दौरान 21 दिवसीय जलधारा तपस्या कर चुके हैं।
बाबा नरेंद्रगिरी महाराज ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में तपस्थली पर पहुंचकर धर्म और भक्ति के इस महायज्ञ में सहभागी बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर ठाकुर अतरलाल, सवाई सिंह, बाबूलाल, विजय शर्मा झाड़ली, अजीत, रमेश हलवाई, जगदीश शर्मा, कंवर सिंह, महेंद्र सिंह, मुकेश, जबल, संजय, विक्रम सहित अनेक लोग मौजूद रहे।