नारनौल। जंतर-मंतर पर चल रहा धरना देश के विकास को बाधित कर रहा है। भाजपा सरकार ऐसी किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देगी। यह बात शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कही।
उनके साथ नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव व महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव भी मौजूद रहे। सांसद ने कहा कि पेपर लीक होते ही सरकार द्वारा कड़ा संज्ञान लिया गया और बच्चों का साल खराब न हो इसलिए तुंरत परीक्षा करवाई गई। उन्होंने कहा कि हमारे जिले के 315 विद्यार्थी नीट परीक्षा में सफल हुए।
कहा, आंदोलन की शुरुआत में वहां विद्यार्थी मौजूद थे लेकिन अब धरने में असामाजिक और राजनीतिक तत्व अधिक दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल अपने स्वार्थ के लिए बच्चों और युवाओं को माध्यम बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास शिक्षा व्यवस्था में सुधार के सुझाव हैं तो सरकार उन पर गंभीरता से विचार करने के लिए तैयार है। पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद धर्मवीर सिंह ने नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।