कनीना। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने अटेली क्षेत्र के दौरे के दौरान कई गांवों को करीब 20 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कनीना के उप नागरिक अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस की सुविधा शुरू की जाएगी।
साथ ही कनीना बस स्टैंड और उन्हाणी फ्लाईओवर का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने 17 जुलाई को हरियाणा में होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में भिवानी और कोरियावास मेडिकल कॉलेजों का वर्चुअल उद्घाटन किया जाएगा।
इसके अलावा देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को भी प्रधानमंत्री हरी झंडी दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से हरियाणा को कई नई विकास योजनाओं की उम्मीद है। दौरे के दौरान करीरा और गुढ़ा गांवों में भी कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। करीरा में वीर सैनिक पार्क, राजा राव तुलाराम जिम और एससी चौपाल के नवीनीकरण कार्यों का उद्घाटन हुआ।
इसके अलावा उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास, बीपीएल कॉलोनी के रास्तों और बीसी चौपाल का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री किसान खेत-खलिहान सड़क योजना के तहत करीरा से गोठड़ा-काकड़ संपर्क मार्ग का शिलान्यास भी हुआ। गुढ़ा गांव में फिरनी निर्माण, कम्युनिटी हॉल, उप स्वास्थ्य केंद्र और एससी बस्ती में रास्तों व सीवर लाइन निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि कनीना बस स्टैंड के आधुनिकीकरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। टेंडर प्रक्रिया 20 जुलाई तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। नया बस स्टैंड दो मंजिला और आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें महिलाओं के लिए अलग प्रतीक्षा कक्ष, शौचालय, ड्राइवरों के लिए विश्राम कक्ष, आधुनिक कार्यालय और बड़ा वेटिंग हॉल बनाया जाएगा।
इस दौरान एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यकारी अभियंता अश्वनी कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव, हरियाणा रोडवेज के जीएम देव दत्त, पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह, नायब तहसीलदार पायल, भाजपा नेता धीरज यादव, पूर्व अध्यक्ष दयाराम यादव, पंचायत समिति चेयरमैन जयप्रकाश सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
फोटो संख्या:63- कनीना में लोगों को संबोधित करती स्वास्थ्य मंत्री आरती राव--संवाद- फोटो : File Photo