नगर पालिका के पांच वार्डों के उपचुनाव का मतदान 12 सितंबर रविवार को होगा। जिसमें 12 प्रत्याशियों में से पांच पार्षदों की ताजपोशी करने का कार्य 2751 मतदाता अपने मत का प्रयोग करके करेंगे। चुनाव शांति पूर्ण रूप संपन्न करवाने तथा किसी प्रकार का विवाद न पनपे इसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।
कस्बे में मतदान के लिए तीन जगह मतदान केंद्र बनाए हैं जहां मतदाता मतदान करेंगे। वार्ड नंबर 3 के 514 मतदाता नारनौल रेवाड़ी सड़क मार्ग पर स्थित पीजी महाविद्यालय अटेली में अपना मतदान करेंगे। वार्ड नंबर 4 के 526 मतदाताओं के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाबा सेवा दास मार्केट मतदान केंद्र बनाया गया है। वार्ड नंबर 7, 8 व 9 के मतदाता खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र में मतदान करेंगे। मतदान इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन से होगा। मतदान के बाद मतगणना भी उसी समय मतदान केंद्र पर होगी। पांच वार्डों के 2751 मतदाताओं में 1448 पुरुष व 1303 महिलाएं शामिल है। वार्ड नंबर 7 में 523 मतदाता हैं। वहीं वार्ड नंबर 8 में 579 तथा 9 नंबर वार्ड में 609 मतदाता सूची के अनुसार हैं। पुलिस प्रशासन ने चुनाव को देखते हुए शहर के मुख्य मार्गों से फ्लैग मार्च निकाला साथ ही कनीना चौक, नांगल बेरियल तथा धनोंदा मोड़ पर नाका लगाए गए है। मतदान के समय मतदान केंद्रों पर अधिक भीड़ का जमावड़ा न हो इसके लिए दो पेट्रोलिंग पार्टी भी गश्त पर रहेंगी। थाना प्रभारी राजेंद्र यादव भी लगातार मतदान केंद्रों पर नजर रखने के लिए तैनात रहेंगे। चुनाव को मद्देनजर रखते हुए अटेली कस्बे की शराब की दुकानें 72 घंटे के लिए बंद कर दी गई है।
नगर पालिका अटेली मंडी के 5 वार्डों के 12 सितंबर को होने वाले उपचुनाव में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि 12 सितंबर को शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए अटेली मंडी में कंट्रोल रूम बनाया गया है। चुनाव से संबंधित कोई भी सूचना कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 9896961938, 7015452818 तथा उप चुनाव पर्यवेक्षक कैंप कार्यालय के 9992151916 नंबर पर जानकारी दे सकते हैं। इसके अलावा उपायुक्त कार्यालय के दूरभाष नंबर 01282- 251206 पर भी कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां पर भी नागरिक फोन कर जानकारी दे सकते हैं।