नारनौल। किताबों में पंचायत पढ़ने वाले बच्चों ने मंगलवार को खुद पंचायत चलाकर देखी। डाइट महेंद्रगढ़ की ओर से करवाई जा रही जिलास्तरीय युवा पंचायत प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को छापड़ा स्कूल में विद्यार्थी सरपंच और पंच बने और जनहित के मुद्दों पर अपनी बात रखी।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश्वर कौशिक के मार्गदर्शन में कार्यक्रम की शुरुआत डाइट प्रवक्ता डॉ. राकेश यादव और प्राचार्या कमलेश कुमारी ने की। पूरे आयोजन की जिम्मेदारी राजनीति विज्ञान के प्रवक्ता प्रीतम कुमार ने संभाली।
इस प्रतियोगिता का मकसद बच्चों में लोकतंत्र की समझ, नेतृत्व की क्षमता, सोचने की शक्ति और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना जगाना है। किताबों में पढ़ी पंचायत व्यवस्था को बच्चों ने खुद करके देखा और जनता से जुड़े मुद्दों को समझा।
डॉ. राकेश यादव और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अकबरपुर के प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि युवा पंचायत में बच्चे अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ लोकतांत्रिक संस्थाओं के बारे में भी जागरूक होते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से उनमें समाज के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव आता है।
डॉ. जितेंद्र बोहरा और डॉ. किरण यादव ने कहा कि युवा पंचायत बच्चों को नेतृत्व निखारने का मंच देती है। उन्होंने कहा कि अच्छे अंक लाना जरूरी है लेकिन समाज की समस्याओं को समझना, तथ्यों के आधार पर सोचना और सबके भले के लिए फैसला लेना सीखना भी उतना ही जरूरी है।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. राकेश यादव, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. किरण यादव और डॉ. जितेंद्र बोहरा ने निभाई। इस मौके पर शिक्षक पवन कुमार, बलवीर सिंह, सेवानंद और मोनू मौजूद रहे। पंचायत के किरदार निभाने वाले विद्यार्थियों में रबीना, आशा, राखी, अनुष्का, साहिल, विशाल, अंतिम और रितिका शामिल रहे। संवाद