फोटो संख्या:-64 अनाज मंडी में लौहे की खरीदारी के लिए बैठे ग्राहक---संवाद
महेंद्रगढ़। ठंड के तेवर ढीले पड़ते ही लोहा बाजार के कारोबार में तेजी देखने को मिल रही है। सरिए के रेटों में पिछले एक माह के दौरान पांच से सात रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से भावों में वृद्धि हुई है।
अब सरिये की बिक्री 60 से 65 रुपये किलो के हिसाब से ही रही है। लोहा कारोबार में इस बार अच्छे व्यापार की उम्मीद है। व्यापारी सुनील ने बताया कि शहर में लोहा मार्केट की दुकानों पर सरिया, खिड़की-जंगला, दरवाजों की चौखट, एंगल, चैनल, शीट सहित घर निर्माण में उपयोग होने वाली विभिन्न प्रकार की सामग्री की मांग लगातार बढ़ रही है।
निजी मकानों के साथ-साथ दुकानों, गोदामों व छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के निर्माण कार्यों में भी तेजी आई है जिसका सीधा असर लोहा कारोबार पर पड़ रहा है। हर दुकान पर प्रतिदिन 100 क्विंटल लोहा सामग्री की खपत हो रही है।
ठंड के मौसम में आई सुस्ती के बाद अब बाजार में लगातार ग्राहक पहुंच रहे हैं। मांग को देखते हुए व्यापारियों ने स्टॉक भी बढ़ा लिया है ताकि आपूर्ति में कोई परेशानी न हो। फिलहाल लोहे के दामों में स्थिरता बनी हुई है। हालांकि आने वाले दिनों में मांग और बढ़ने पर कीमतों में हल्का उतार-चढ़ाव संभव है।
मौसम साफ रहने से काम की गति तेज हुई है जिससे मजदूरों को भी नियमित रोजगार मिल रहा है। व्यापारियों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में निजी और सरकारी निर्माण कार्यों में और तेजी आएगी, जिससे महेंद्रगढ़ का लौहा कारोबार और अच्छा होगा।