महेंद्रगढ़। इनामी बदमाश विक्रम उर्फ पपला को छुड़ाने के लिए उसकी गैंग के गुर्गों ने पुलिस थाना बहरोड़ पर हमला एवं फायरिंग की थी। उक्त वारदात में शामिल आरोपी दीक्षांत को एसओजी जयपुर ने गिरफ्तार कर लिया है। एसओजी ने इस पर 50 हजार रुपये का इनामी रखा हुआ था। एसओजी ने पपला को फरार करने में सहयोग करने वाले गिरोह के सात और बदमाशों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और मुख्य आरोपी विक्रम उर्फ पपला सहित सात- आठ आरोपियों की तलाश जारी है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एटीएस एवं एसओजी अनिल पालीवाल ने बताया कि एसओजी ने विक्रम उर्फ पपला को फरार कराने वाले गिरोह के एक और पचास हजार इनामी बदमाश दीक्षांत गुर्जर निवासी गांव खैरोली जिला महेंद्रगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ में लगी हुई है। प्रकरण में वांछित एवं फरार चल रहे बल्लू उर्फ बलवान निवासी खैरोली, चंद्रपाल उर्फ चंदू निवासी कुतुबपुर रेवाड़ी, राहुल वार्ड 14 रेवाड़ी, प्रशांत निवासी लादूवास अहीर, रेवाड़ी, अशोक गुर्जर निवासी गुजरीवास अलवर, राजबीर निवासी खैरोली महेंद्रगढ़, भूप सिंह निवासी बुआना के ऊपर 50-50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार का इनाम रखा है। यह पुरस्कार अतिरिक्त महा निदेशक एटीएस एवं एसओजी की ओर से दिया जाएगा। प्रकरण में वांछित फरार चल मुख्य आरोपी विक्रम उर्फ पपला पर एक लाख रुपये और गिरोह के गुर्गों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम पूर्व में घोषित किया गया था। उसमें से दीक्षांत सहित दो इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
बता दें कि 6 सितंबर 2019 थाना बहरोड़ से विक्रम गुर्जर उर्फ पपला को उसकी गैंग ने थाने पर हमला व फायरिंग उसे फरार करवा लिया था। इसकी जांच एसओजी जयपुर द्वारा की जा रही है। प्रकरण में थाने पर हमला कराने के षडयंत्र रचने में व हमले में शामिल आरोपी विनोद स्वामी, कैलाशचंद, जगन खटाना, महीपाल गुर्जर, सुभाष गुर्जर, नरेंद्र सिंह, श्यामसुंदर उर्फ अशोक एवं जितेंद्र उर्फ जीतू, विक्रम सिंह, महेंद्र उर्फ पप्पू गुर्जर, अजय कुमार उर्फ ढिल्लू व एक इनामी दिनेश कुमार को एसओजी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस प्रकार एसओजी ने इस प्रकरण में अब तक 13 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से अन्य बदमाशों के बारे में पूछताछ की जा रही है, उनकी तलाश जारी है।