कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र के घर घुसे बदमाश
- फोटो : संवाद
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राव नरेंद्र सिंह के नारनौल स्थित आवास में देर रात संदिग्ध बदमाशों के घुसने और हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार ने पुलिस अधीक्षक और महावीर चौकी में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने तथा सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
बीती रात हुई वारदात
मंत्री राव देवेंद्र सिंह के अनुसार उनका परिवार बीते करीब 50 वर्षों से महेंद्रगढ़ रोड स्थित शिव कॉलोनी में रह रहा है। उन्होंने बताया कि 15-16 मई की रात करीब तीन बजे चार से पांच संदिग्ध युवक घर की पिछली दीवार फांदकर अंदर घुस आए। आरोप है कि बदमाशों ने सबसे पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की तार काट दी और सर्वेंट क्वार्टर के कमरों को बाहर से बंद कर दिया।
ढके हुए थे बदमाशों के चेहरे
परिवार के मुताबिक आरोपियों ने पीछे वाले दरवाजे के ताले और कुंडी को किसी तेजधार हथियार से काटने का प्रयास किया। इसी दौरान सर्वेंट क्वार्टर में सो रहे कर्मचारियों की नींद खुल गई। कर्मचारियों ने बाहर निकलने का प्रयास किया तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। खिड़की से देखने पर बदमाशों के चेहरे ढके हुए दिखाई दिए। परिवार का दावा है कि एक आरोपी के हाथ में हथियार था।