फोटो नंबर-27ओपन काउंसलिंग के दौरान दाखिला लेती छात्राएं।
नारनौल। हरियाणा उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशानुसार पीजी कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया गत 12 जून से जारी है। राजकीय महिला महाविद्यालय में कुल उपलब्ध सीट से करीब 6 गुना ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। आवेदन प्रक्रिया के अंतिम दिन वीरवार को सर्वर डाउन रहने के कारण छात्राओं को आवेदन करने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। राजकीय महिला महाविद्यालय में उपलब्ध 6 पीजी कोर्स की 240 सीट के लिए अब तक 1451 आवेदन किए गए हैं।
सभी आवेदन आने के बाद पीजी कोर्स में दाखिले के लिए प्रथम मेरिट सूची 30 जुलाई को घोषित की जाएगी। प्रथम मेरिट सूची में चयनित छात्राओं को दाखिले के लिए 30 जुलाई से 2 अगस्त तक फीस जमा करवाना अनिवार्य है। फीस जमा करवाने के साथ-साथ कॉलेज स्तर पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करवाना भी अनिवार्य है। 5 अगस्त से दूसरे राउंड की काउंसलिंग फिजिकल माध्यम से कॉलेज स्तर पर की जाएगी। 6 अगस्त से रजिस्ट्रेशन के लिए आनलाइन एडमिशन पोर्टल को दोबारा खोला जाएगा।
छात्राओं ने की आवेदन के लिए अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग
पीजी कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया के अंतिम दिन वीरवार को सर्वर डाउन रहने के कारण छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्राओं ने आवेदन करने की अंतिम तिथि को बढ़ाने की मांग की है। छात्राओं का कहना है कि स्नातक कक्षाओं में री-अपियर परीक्षा के रिजल्ट के पेंडिंग होने के कारण बड़ी संख्या में छात्र- छात्राएं पीजी कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन नहीं कर पाए। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय द्वारा पांचवें सेमेस्टर का री-अपीयर रिजल्ट 24 जुलाई की रात को घोषित किया गया है। वहीं पीजी कोर्स में आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई होने के कारण कई छात्र-छात्राएं आवेदन नहीं कर पाए हैं।
पीजी कोर्स में दाखिले के लिए अब तक 1451 आवेदन आ चुके हैं। आवेदन के लिए अंतिम दिन होने के कारण वीरवार को सर्वर डाउन रहा। आवेदन करने की अंतिम तिथि को बढ़ाए जाने के बाबत उच्च शिक्षा निदेशालय की तरफ से कोई निर्देश अभी जारी नहीं किया गया है।
प्रोफेसर सुनील कुमार, प्रवेश नोडल अधिकारी, राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल