रेवाड़ी। थाना शहर पुलिस ने युवक का अपहरण कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर हत्या करने के मामले में गांव गोकलगढ़ निवासी महमपाल उर्फ लालू को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
एसपी कार्यालय की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गांव भटेडा निवासी नितेश उर्फ चोटी ने बताया था कि 15 अक्तूबर को दोपहर के समय वह अपने दोस्तों के साथ बाजार से सामान खरीदने जा रहा था। एक बाइक पर अंकित उर्फ चमन, मोहित और यश सवार थे जबकि स्कूटी पर नितेश, विजय, प्रवीण और कुलदीप पंडित बैठे थे।
जब वे मोहल्ला नई बस्ती के पास पहुंचे तो मन्नु सैनी अपनी बाइक लेकर पहले से वहां खड़ा था। उसने अंकित उर्फ चमन की बाइक रुकवा ली और गाली-गलौज शुरू कर दी जिससे झगड़ा हो गया।
इसके बाद मन्नु सैनी ने अपने भाई और अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया। झगड़े की आशंका को देखते हुए नितेश अपने दो साथियों को गांव गुरावड़ा छोड़ने के लिए निकल गया। जब वे झज्जर चौक और फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो पीछे से कुछ युवक बाइक पर आते दिखाई दिए।
इसी दौरान सामने से आई एक बोलेरो गाड़ी ने जान से मारने की नीयत से अंकित उर्फ चमन की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। पीछे से आए बाइक सवारों ने स्कूटी को भी टक्कर मार दी।
शिवम सैनी और तरुण उर्फ तन्नु ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंकित उर्फ चमन को जबरन गाड़ी में डाल लिया और गोकलगढ़ की ओर ले गए। करीब एक घंटे बाद आरोपी अंकित को अधमरी हालत में आईटीआई रेवाड़ी के सामने फेंककर फरार हो गए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।