फोटो नंबर-13पर्यावरण संरक्षण को लेकर रैली निकाल कर ज्ञापन सौंपते संस्था के सदस्य। स्रोत-संस्थ
- फोटो : संस्थान
नारनौल। अरावली पहाड़ियों के संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सोमवार को युवाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के समर्थन में नारे लगाए। वहीं यूथ सोशलग्राम फाउंडेशन के तत्वावधान में अरावली बचाओ रैली का आयोजन किया गया।
रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंची।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर अरावली पहाड़ियों को बचाने, अवैध खनन रोकने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के समर्थन में नारे लगाए। इस अवसर पर यूथ सोशलग्राम फाउंडेशन के स्टेट जॉइंट सेक्रेटरी (हरियाणा) चिराग ने संबोधित करते हुए कहा कि अरावली पहाड़ियां केवल एक पर्वत श्रृंखला नहीं, बल्कि पर्यावरण संतुलन की रीढ़ हैं।
उन्होंने बताया कि अरावली भूजल स्तर बनाए रखने, जलवायु संतुलन, वन्य जीवों के संरक्षण और जैव विविधता को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाती है। यदि अरावली का विनाश जारी रहा तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर दुष्परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
रैली के समापन पर संगठन के प्रतिनिधियों ने एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अरावली क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने, पहाड़ियों के संरक्षण के लिए सख्त कदम उठाने व पर्यावरण कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की गई। इस अभियान में एनिमल वेलफेयर क्लब का भी सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुनील यादव, आरती सैनी, अंशु यादव, पूजा, अमृता और प्रियांशु सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।