महेंद्रगढ़। राजकीय महिला कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र के लिए दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। कुल 844 आवेदन प्राप्त हुए हैं जिनमें से 814 आवेदनों का सत्यापन पूरा हो चुका है। इसके अलावा 9 आवेदनों पर आपत्ति दर्ज की गई है।
कुछ आपत्ति दर्ज आवेदनों में दस्तावेजों में नाम और आवेदन में दर्ज नाम का मिलान नहीं हो पाया। कुछ मामलों में जन्मतिथि में अंतर पाया गया है और कुछ आवेदन अधूरे दस्तावेजों के कारण रोक दिए गए हैं। जिन छात्राओं के आवेदन में कमी पाई गई है, उन्हें व्यक्तिगत रूप से सूचना दी गई है ताकि वे समय रहते सुधार कर सकें।
विभाग ने सभी आवेदकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपने आवेदन की जांच कर लें और त्रुटियों को सुधार लें। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समय पर सुधार नहीं करने पर आवेदन प्रक्रिया में दिक्कत आ सकती है और प्रवेश प्रभावित हो सकता है सावधानी
ये रहेगा दाखिला शेड्यूल
विभाग की ओर से अंतिम तिथि 15 जून तक बढ़ाने के बाद नया शेड्यूल जारी किया गया है। इसमें पहली मेरिट सूची 26 जून को जारी की जाएगी और आवेदक इसकी फीस 28 जून से 1 जुलाई तक संबंधित संस्थान में जाकर भर सकेंगे। दूसरी मेरिट सूची 2 जुलाई को जारी होगी और इसकी फीस 4 से 7 जुलाई तक भरी जाएगी। तीसरी काउंसिलिंग के लिए 9 जुलाई को रिक्त सीटों की सूची जारी होगी। इसके बाद 10 को पोर्टल दोबारा खोला जाएगा और 11 से 17 जुलाई तक लेट फीस 100 रुपये के साथ फिजिकल काउंसिलिंग की जाएगी। 18 से 24 जुलाई तक 100 लेट फीस और 100 रुपये प्रतिदिन अतिरिक्त लेट फीस के साथ दाखिला दिया जाएगा।
-
वर्जन:
अब तक संस्थान में 844 आवेदन आए हैं और इनमें 9 आवेदन में कमी रहने के कारण ऑब्जेक्शन लगाया गया है। हालांकि आवेदकों को ठीक कराने के लिए जानकारी दी गई है। अब आवेदक अंतिम तिथि तक आपत्ति ठीक कर सकते हैं।
-डॉ. मक्खन सिंह, नोडल अधिकारी, महिला कॉलेज