लघु सचिवालय महेंद्रगढ़ में एडीसी का घेराव को प्रदर्शन करते हुए बार एसोसिएशन के सदस्य, सामाजिक सं?
- फोटो : Narnol
महेंद्रगढ़। लोगों की समस्या सुनने आए एडीसी का बार एसोसिएशन ने घेराव किया। बार एसोसिएशन के सदस्यों ने नारेेबाजी करते हुए कमरे के बाहर धरना दिया। कुछ देर के लिए एडीसी के कमरे के दरवाजे को भी बंद किया। बाद में एडीसी ने बाहर आकर वकीलों से बातचीत की। जिस पर वकीलों ने जिला मुख्यालय की मांग रखी। सफाई गाड़ियों पर जिला नारनौल लिखे जाने पर गुस्सा जाहिर किया। एडीसी ने गाड़ियों पर जिला महेंद्रगढ़ लिखवाने का भरोसा दिलाया।
जिला मुख्यालय महेंद्रगढ़ में स्थापित कराने की मांग को लेकर बार एसोसिएशन का सोमवार को 36वें दिन भी जारी रहा। डीसी के न होने पर इस सोमवार को एडीसी अभिषेक मीणा जन समस्याएं सुनने आए थे। लघु सचिवालय में बनाए गए कोर्ट रूम में लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। जब वह शिकायतें सुन रहे थे तब बार एसोसिएशन के सदस्य नारेबाजी करते हुए कोर्ट रूम के बाहर पहुंच गए। वकीलों ने कोर्ट रूम के बाहर धरना शुरू कर दिया। करीब 20 मिनट तक वकील नारेबाजी करते रहे। इस बीच एसडीएम विश्राम कुमार मीणा बाहर आए। उन्होंने वकीलों से नारेबाजी नहीं करने के लिए कहा। जिस पर वकील नहीं माने। वकीलों ने कुुछ देर के लिए कोर्ट रूम के गेट को भी बंद कर दिया। जिस कारण एडीसी को शिकायत सुनाने गए कुछ फरियादी भी अंदर फंस गए। बाद में वकीलों ने खुद ही गेट खोल दिया। एडीसी अभिषेक मीणा ने बार के सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल अंदर बुलाया। उनकी शिकायत सुनी। इसके बाद एडीसी ने बाहर आकर वकीलों से बातचीत की। बार एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा जिला मुख्यालय की मांग को लेकर पिछले 36 दिन से धरना दे रहे हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी इस मांग को पूरा कराने की बजाए महेंद्रगढ़ के नाम को ही बदलने में लगे हैं। आयुष विभाग की ओर से जारी पत्र में जिला नारनौल लिखा जा रहा है। कभी कचरा उठाने वाली गाड़ियों पर जिला नारनौल लिखकर लोगों की भावनाओं को भड़काने का काम किया जा रहा है। आजादी के समय से महेंद्रगढ़ जिला है। अब महेंद्रगढ़ जिले के नाम को भी बदलने की साजिश की जा रही है।
स्वच्छता मिशन के तहत कूड़ा कलेक्शन कचरा उठाने के लिए प्रत्येक गांव में दो-दो रिक्शा वितरित की जानी है। यह टेंडर दूसरे जिले की कंपनी को को मिला हुआ है। उस कंपनी ने गलती 10 कूड़ा कलेक्शन साइकिलों पर जिला नारनौल लिख दिया है। कचरा उठाने वाली उन रिक्शा पर जिले का नाम महेंद्रगढ़ लिखवाने के आदेश दे दिए हैं।
-अभिषेक मीणा, एडीसी, महेंद्रगढ़।
पूर्व मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल
बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार को सतनाली में पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा से मिला। जिस पर पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा ने सीएम मनोहरलाल से फोन पर बातचीत की। जिला प्रतिनिधिमंडल को मिलवाने के लिए समय मांगा। पूर्व मंत्री रामबिलास ने बताया सीएम से अगले सप्ताह बार का प्रतिनिधिमंडल मिलेगा।