सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक मीणा ने लघु सचिवालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की शिकायतों को कानून के दायरे में रहते हुए समाधान करें। कैंप कार्यालय में शिकायत रखने के लिए कोई भी नागरिक नहीं पहुंचा। एसपी चंद्रमोहन भी लघु सचिवालय पहुंचे।
अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक मीणा ने सोमवार को महेंद्रगढ़ के प्रशासनिक भवन में लगाए कैंप कार्यालय में अधिकारियों को निर्देश दिए। सरकार की सभी योजनाओं, सेवाओं को तय समय में जनता तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। अधिकारी नागरिकों की समस्याएं सुनें और उन्हें कानून के दायरे में रहते हुए पूरा करें। एडीसी ने कहा कि राज्य सरकार की सभी योजनाओं व सेवाओं के लिए सरल हरियाणा वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन अप्लाई करें। अंत्योदय सरल केंद्रों पर जाकर आवेदन करें। अब सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए सभी योजनाएं, सेवाएं ऑनलाइन कर दी हैं। किसी भी योजना के लिए आवेदन करने से पहले नागरिक अपने दस्तावेज पूरे करें। यह भी सुनिश्चित कर लें कि वे इस योजना के लाभार्थी हैं या नहीं। सरकार ने लोगों के लिए अलग-अलग तरह की योजनाएं बनाई हैं। इन सबके लिए अलग-अलग योग्यताएं भी निर्धारित की हैं। निर्धारित योग्यता अनुसार ही आवेदन करें।
अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक मीणा ने समस्याएं सुनने के बाद लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र का निरीक्षण किया। कर्मचारियों को निर्देश दिए कि यहां आने वाले लोगों के कार्य को समय पर किया जाए। जिससे उनको दिक्कतों का सामना ना करना पड़े। इस मौके पर एसडीएम विश्राम कुमार मीणा, डीएसपी कुशल सिंह, उपाधीक्षक सुदेश पुनिया के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।