फोटो 11तहसीलदार अटेली को ज्ञापन सौंपते बसपा नेता अतरलाल व किसान।संवाद
मंडी अटेली। किसानों को डीएपी खाद खरीदने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस संबंध में बहुजन समाज पार्टी के नेता अतरलाल के नेतृत्व में पीड़ित किसानों का प्रतिनिधिमंडल तहसीलदार अटेली से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने कृषि मंत्री श्यामसिंह राणा, उपायुक्त तथा तहसीलदार के नाम तीन अलग-अलग ज्ञापन तहसीलदार अटेली को सौंपकर किसानों को डीएपी खाद खरीदने में हो रही परेशानियों को दूर करने की मांग की।
अतरलाल ने कहा कि उन्हें अटेली न्याय यात्रा के दौरान बोचड़िया, हसनपुर, सलीमपुर, महासर, गिरधरपुर, दौंगड़ा अहीर, सिलारपुर, भोजावास आदि अनेक गांवों के किसानों से शिकायत मिली है कि उन्हें डीएपी खरीदने के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। किसानों को डीएपी खाद खरीदने के लिए लाइनों में लगना पड़ रहा है।
खाद बीज विक्रेता डीएपी खरीदने पर एक हजार रुपये का कीटनाशक अथवा अन्य सामान खरीदने को बाध्य करते हैं। किसानों ने ज्ञापन में मांग की है कि मनमानी करने वाले खाद-बीज विक्रेताओं के खिलाफ सरकार कार्रवाई कर लाइसेंस रद्द करे। खाद बीज विक्रेताओं की सघन जांच की जाए। तहसीलदार ने ज्ञापनों को राज्य सरकार तथा उच्च अधिकारियों को भेजने का भरोसा और खुद भी जांच करने का भरोसा दिया।