कनीना। कनीना बिजली हाउस के पास स्थित एक ज्वेलरी शोरूम से दिनदहाड़े पिस्तौल के बल पर लूट का प्रयास करने के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली रहे। वहीं पुलिस की टीम लगातार जांच कर रही है, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग तक नहीं लग पाया है।
सोमवार को दोपहर 12:10 बजे बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने ज्वेलरी शोरूम से लूट का प्रयास किया था। घटना की सूचना के बाद मंगलवार को पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह व महेंद्रगढ़ के विधायक रावदान सिंह के पुत्र अक्षत राव ने ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचकर संचालक से मुलाकात की व आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की।
नरेश ज्वैलर्स के मालिक बालकिशन सोनी ने बताया की दोपहर करीब 12 बजे जब वह अपने बेटे के साथ दुकान में बैठा हुआ था तब दो युवक उसकी दुकान में घुसे और दोनों ने पिस्तौल उसके और उसके बेटे के सामने तान दी। बदमाशों ने पिस्तौल तानने के बाद कहा कि दुकान में जितना भी सोना चांदी और नकदी है वह जल्दी उनके हवाले कर दे। हमारे पास ज्यादा टाइम नहीं है। दुकान मालिक ने हिम्मत दिखाते हुए सामने पड़ी एक ट्रे को झटके से उठा बदमाश के हथियार वाले हाथ पर जब मारा तो बदमाश ने फायर कर दिया, लेकिन तब तक पिस्तौल की दिशा बदल चुकी थी और पिस्तौल से निकली गोली दीवार से टकरा छत में जा घुसी थी। गोली चलते ही बाजार में अफरा तफरी मच गई। मौके का फायदा उठा दोनों बदमाश शोरूम के बाहर बाइक स्टार्ट रखे साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गए थे।
साेनू सरदार ने किया था बदमाशों को पकड़ने का प्रयास
सोनू सरदार में बताया की गोली चलते ही उसने अपनी दुकान से बाहर निकल बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया था। बदमाशों ने पिस्तौल का रुख उसकी तरफ जब किया तो हिम्मत जवाब दे गई। तीनों आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस तेजी से जांच में जुटी हुई है।