मंडी अटेली। ग्रामीण चौकीदार, सफाई कर्मचारी और ग्राम पंचायत ट्यूबवेल ऑपरेटर यूनियन ने बीडीपीओ कार्यालय के अकाउंटेंट अशोक कुमार पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने के आरोप लगाए हैं। तीनों संगठनों के कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम बीडीपीओ को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीण चौकीदार संगठन के खंड प्रधान महाराज सिंह व कपिल यादव तथा सफाई कर्मचारी यूनियन के ईश्वर ने बताया कि कर्मचारी अकाउंटेंट के व्यवहार से परेशान हैं। उनका आरोप है कि समय पर वेतन नहीं मिलता और वेतन संबंधी जानकारी भी सही तरीके से उपलब्ध नहीं कराई जाती।
नौ सूत्रीय मांगें रखीं
ज्ञापन में अकाउंटेंट के खिलाफ कार्रवाई, एफआईआर दर्ज करने और उसका जल्द तबादला करने की मांग की गई। कर्मचारियों ने खंड में नवनियुक्त 10 ग्रामीण चौकीदारों का पांच महीने का बकाया वेतन जारी करने तथा चौकीदारों और सफाई कर्मचारियों को पीएफ का विवरण देने की मांग भी उठाई।
इसके अलावा ग्रामीण चौकीदारों के लिए ईएसआई योजना लागू करने, जलकर्मियों और सफाई कर्मचारियों के ईएसआई कार्ड बनवाने तथा मृत्यु पोर्टल को सरल बनाकर चालू करने की मांग की गई। कर्मचारियों ने रजिस्ट्रेशन की बकाया राशि जारी करने और जलकर्मियों का बजट महीने व विभाग के हिसाब से आवंटित करने की मांग भी रखी।
यूनियनों ने वेतन हर महीने की सात तारीख से पहले जारी करने, देरी पर 500 रुपये विलंब शुल्क देने और वेतन से सामान के नाम पर होने वाली कटौती रोकने की मांग की। साथ ही अटेली में नियमित बीडीपीओ नियुक्त करने की मांग उठाई। कर्मचारियों ने प्रशासन से जल्द समाधान की अपील की।