महेंद्रगढ़। गांव सिहोर-कनीना के बीच रास्ते में शनिवार की शाम को ट्रैक्टर ट्राली और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में 18 वर्षीय बेटे की मौत हो गई जबकि पिता बाल-बाल बच गया। ट्रैक्टर चालक मौके से ट्रैक्टर सहित फरार हो गया। पुलिस ने महेंद्रगढ़ उप नागरिक अस्पताल से शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया तथा पिता के बयान पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम को गांव सिहोर निवासी राजकुमार और उसका बेटा मनकुश कुमार अपने खेत में पत्नी और बेटी को लेने जा रहे थे। सिहोर से कनीना रास्ते पर जलघर के पास सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद राजकुमार सड़क के एक तरफ जा गिरा जिससे वह बाल-बाल बच गया जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका बेटा मनकुश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सिविल अस्पताल कनीना लेकर गए जहां पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया तथा पिता राजकुमार के बयान पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मनकुश अपने माता पिता का इकलौता बेटा था और वह 12वीं कक्षा का छात्र था।