फोटो 14नारनौल में जांच करने पहुंची एसीबी की टीम।संवाद
- फोटो : 1
नारनौल। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने नारनौल में पटवारी प्रदीप को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने जमीन इंतकाल से जुड़े कार्य करने के बदले रिश्वत मांग रहा था।
एसीबी के प्रभारी इंस्पेक्टर जयपाल सिंह ने बताया कि नारनौल के रहने वाले ओमप्रकाश नामक व्यक्ति ने लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, वह अपनी जमीन का इंतकाल (दाखिल-खारिज) चढ़वाने के लिए कंसोलिडेटेड ऑफिस में तैनात पटवारी प्रदीप के पास गया था। इस दौरान आरोपी ने उससे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
पीड़ित ने बताया कि पटवारी पहले ही 3 हजार रुपये ले चुका था और बाकी 7 हजार रुपये शाम को देने के लिए कहा गया था। इसके बाद पीड़ित ने एसीबी से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी।
शिकायत के आधार पर एसीबी टीम ने जाल बिछाया और इंस्पेक्टर जयपाल सिंह के नेतृत्व में छापेमारी कर आरोपी को 7 हजार रुपये लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।