कुंड। कुंड चौकी पुलिस ने कैंपर गाड़ी से कुचलकर युवक की हत्या के प्रयास के मामले में संलिप्त मुख्य आरोपी जिला महेंद्रगढ़ के अटेली हाल आबाद बहरोड़ निवासी हरविन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस इस मामले में एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है।
एसपी कार्यालय की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गांव मनेठी निवासी धर्मेंद्र ने अपनी शिकायत में बताया था कि 25 अप्रैल 2024 को वह दोपहर के समय अपने साथी शुभम और वेदपाल के साथ वेदपाल के सर्विस स्टेशन पर बैठे हुए थे। तभी अचानक से एक कैंपर गाड़ी आई, जिसे अटेली निवासी हरविन्द्र चला रहा था।
गाड़ी से संदीप उर्फ मामा, सूरज, जितेन्द्र उर्फ जीता गुर्जर व तीन से चार अन्य युवक उतरे और लाठी, डंडों से उनके साथ मारपीट करने लगे। आरोपी हरविन्द्र ने गाड़ी को उसके प्लॉट में से घुमाकर उन्हें जान से मारने की नियत से सीधी टक्कर मार दी। आरोपी हरविन्द्र ने उसके साथी वेदपाल व एक लड़के को बुरी तरह कुचल दिया।