नारनौल। शहर के सबसे बड़े नेताजी सुभाष पार्क के पीछे वाले स्थान पर नगर परिषद दिव्यांगजनों के लिए एक विशेष पार्क का निर्माण करेगा। इसे लेकर नगर परिषद ने 18 लाख रुपये के टेंडर जारी कर दिए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद शीघ्र ही पार्क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार यह शहर का पहला ऐसा पार्क होगा जो पूरी तरह दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा।
अब तक शहर में दिव्यांगों के लिए कोई अलग पार्क नहीं था जिसके कारण उन्हें सामान्य पार्कों में भीड़ के बीच ही घूमना और बैठना पड़ता था। इससे उन्हें कई प्रकार की असुविधाओं का सामना करना पड़ता था।
प्रस्तावित पार्क में दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पार्क के भीतर बैठने के लिए हट का निर्माण किया जाएगा तथा घूमने के लिए समतल और सुरक्षित ट्रैक बनाया जाएगा ताकि व्हीलचेयर का उपयोग करने वाले लोग भी आसानी से आवागमन कर सकें।
इसके अलावा पार्क में दिव्यांगों के अनुकूल विशेष व्यायाम उपकरण लगाए जाएंगे, जिससे वे शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकें।
दिव्यांगजनों के लिए अलग से लगाए जांएगे झूले
पार्क में दिव्यांगजनों के लिए विशेष झूले लगाए जाएंगे और जरूरत के अनुसार व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। नगर परिषद का उद्देश्य है कि दिव्यांगजन बिना किसी बाधा और असहजता के खुले वातावरण में समय बिता सकें।
दिव्यांगों के लिए अलग पार्क बनने से उन्हें न केवल सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान मिलेगा, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। इन पार्कों में नेताजी सुभाष पार्क, पटीकरा पार्क व नसीबपुर जेठूबाबा मंदिर पार्क शामिल है।
वर्जन:
दिव्यांगजनों की सुविधाओं और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अलग पार्क तैयार किया जा रहा है। दिव्यांगजनों के 18 लाख रुपये की लागत से पार्क तैयार किया जाएगा। तीन पार्कों में झूले व ओपन जिम भी अलग से तैयार लगाए जा रहे हैं।-कृष्ण कुमार, जेई नगर परिषद, नारनौल