बावल(रेवाड़ी)। मजाक-मजाक में चलाई गोली 8वीं के छात्र मनीष को लगी और जांघ के आर-पार हो गई। कसौला थाना क्षेत्र के गांव पातुहेड़ा निवासी मनीष ने बताया कि वह 11 मार्च को दोपहर 2 बजे गांव में एक दुकान पर पेप्सी लेने गया था।
आरोप है कि उसी दौरान वहां मौजूद सतीश पहलवान ने अपने हाथ में ली हुई पिस्टल से फायर कर दिया। गोली छात्र के बायीं जांघ में लगी और आर-पार हो गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसका उपचार चल रहा है।
अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और डॉक्टर से मेडिकल रिपोर्ट (एमएलआर) प्राप्त की। प्रारंभ में डॉक्टर ने छात्र के बयान देने के लिए अयोग्य बताया लेकिन 12 मार्च को दोबारा राय लेने पर उसे बयान देने के लिए फिट घोषित किया गया। इसके बाद पुलिस ने घायल का बयान उसके पिता की मौजूदगी में दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट में जांघ पर गन शॉट इंजरी दर्ज की गई है जिसमें घाव पाए गए हैं। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना कसौला में एफआईआर दर्ज कर ली गई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।