बच्चों ने किया स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम अभ्यास
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। आईटीआई मैदान में 15 अगस्त को मनाए जाने वाले जिलास्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का रविवार को अंतिम अभ्यास किया गया। इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर मुख्य अतिथि होंगे। आज हुए अंतिम अभ्यास में उपायुक्त राजनारायण कौशिक ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। परेड का नेतृत्व डीएसपी संजीव बल्हारा ने किया।
विभिन्न स्कूलों के लगभग दो बच्चों ने पीटी और डंबल शो में हिस्सा लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में सात स्कूलों के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। सरस्वती विद्यालय की छात्राओं ने राजस्थानी लोक नृत्य, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का हरियाणवी लोक नृत्य, सीएल स्कूल का पंजाबी नृत्य, ओम इंटरनेशनल का अभिनय गीत, सरस्वती विद्या मंदिर नांगल चौधरी का हरियाणा नृत्य, आरपीएस सुराना की कव्वाली प्रस्तुत की। अंत में सरस्वती वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों का राष्ट्रीय गान हुआ।
मार्च पास्ट में 10 टुकड़ियों ने भाग लिया। इनमें पुलिस प्लाटून की दो, एनसीसी सीनियर और जूनियर, होम गार्ड, स्काउट जूनियर और सीनियर, गाइड प्लाटून, कब और बुलबुल की टुकड़ियां शामिल हैं। इस मौके पर उपायुक्त राजनारायण कौशिक ने सभी सांस्कृतिक टीमों को निर्देश जारी किए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अनिल धवन, नगराधीश डॉ. सुनील कुमार आदि अधिकारी मौजूद थे।