अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। शहर में लावारिस पशुओं को पकड़ने की मांग को लेकर बीएमडी क्लब संस्थान ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल के नाम ज्ञापन सौंपा। एसडीएम की अनुपस्थिति में सामाजिक संस्थान बीएमडी क्लब के सदस्यों लक्की सीगड़ा, पीयूष यादव, सिद्धार्थ, गौतम सैनी, मनमोहन, प्रमोद शर्मा, सतीश मास्टर, जुगल किशोर शर्मा, रामोतार, सतीश ने तहसीलदार सुभाषचंद को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा कि शहर में लावारिस गोवंश की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिसके कारण लोगों का सड़कों पर पैदल चलना भी दूभर हो गया है। सड़क के बीच में ही लावारिस पशु आपस में लड़ते रहते हैं। आए दिन इन लावारिस पशुओं के कारण हादसे हो रहे हैं। लावारिस पशु फसलों को तबाह कर रहे हैं और आमजन पर जानलेवा हमला भी कर रहे हैं। बीएमडी क्लब के चेयरमैन लक्की सीगड़ा ने बताया की लावारिस पशुओं का सबसे अधिक आतंक सब्जी मंडी एरिया में है। अब अनाज मंडी में अनाज की आवक के बाद पशु अनाज मंडी में भी पहुंच रहे हैं। हर साल करीब दो से तीन करोड़ रुपये का सरकार की ओर से गोशालाओं को अनुदान दिया जाता है। इसके अलावा समाज के लोग भी दान देते हैं।
इसके बावजूद बड़ी संख्या में लावारिस गोवंश सड़कों पर कचरा खाने को मजबूर है। जिसमें हर महीने दो से तीन लावारिस पशुओं की मौत भी हो जाती। इन्हीं लावारिस पशुओं ने शहर में कई लोगों को जीवन भर का दर्द दिया है। कुुछ लोग चोटिल हो चुके हैं। पशुओं का आतंक अब भी कम नहीं हुआ। हाईवे से लेकर शहर की रिहायशी कालोनियों तक में पशुओं के झुंड नजर आते हैं। लोग इन गोवंश से बचकर निकलते हैं। बच्चे घरों के बाहर गलियारों में खेलते हैं। हमेशा लावारिस गोवंश की चपेट में आने का डर रहता है। कई बार तो पशु घर के दरवाजे के आगे खड़े हो जाते हैं। जब उनको हटाते है तब मारने को दौड़ते हैं। लावारिस पशुओं को पकड़कर जल्द से जल्द गोशाला भेजकर व्यवस्था को कायम किया जाए।