नारनौल। हरियाणा सरकार के आदेश पर नगर परिषद व बीडीपीओ कार्यालय में सोमवार को भी समाधान शिविर आयोजित किया गया। समाधान शिविर हर कार्य दिवस पर सुबह नौ बजे से 11 बजे तक चलता है, जिसमें लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचते हैं। नगर परिषद में सुबह कार्यकारी अधिकारी दीपक गोयल ने लोगों की शहर से संबंधित समस्या सुनी।
वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्र की समस्या बीडीपीओ रेणु लता ने अपने कार्यालय में समस्या सुनी। नगर परिषद में सोमवार को कुल दो समस्याएं आई, जिनमें एक प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित थी। वहीं दूसरी शिकायत अग्रसेन चौक से राजीव चौक तक नाले की सफाई की आई। नाले की सफाई की शिकायत को लेकर ईओ दीपक गोयल ने कर्मचारियों को तुरंत सफाई के आदेश दिए। नगर परिषद में 22 अक्तूबर से शुरू हुए समाधान शिविर में अब तक कुल 12 शिकायतें आई हैं, जिनके समाधान के लिए समय दिया गया है। दूसरी ओर बीडीपीओ कार्यालय में समस्या सुन रही अधिकारी रेणु लता के पास समाधान के लिए चार शिकायतें आई। शिकायत सुन रही बीडीपीओ रेणु लता ने बताया कि समाधान शिविर 25 अक्तूबर से शुरू हुआ था, जिसमें पहले दिन तीन शिकायत, दूसरे दिन 26 अक्तूबर को तीन व आज चार शिकायतें आईं। रेणु लता ने बताया कि सभी समस्याओं को समाधान के लिए पोर्टल पर डाल दिया गया और जल्द ही उनका समाधान हो जाएगा।