फोटो संख्या:63- दौंगड़ा अहीर नहर के नजदीक लगी आग को बुझाते दमकल कर्मचारी-- स्रोत- विभाग
कनीना। आदर्श ग्राम दौंगड़ा अहीर में नहर किनारे सूखी झाड़ियां और घास में आग लग गई। आग की चपेट में आने से किसान लीलाराम के खेत में रखे करीब 56 सिंचाई पाइप पूरी तरह जलकर राख हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही लोगों ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वहीं आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड को रास्ते में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया गया कि 152डी राजमार्ग के पुल के नीचे से फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं निकल सकी जिसके चलते उसे महेंद्रगढ़-अटेली मार्ग से वैकल्पिक रास्ते से होकर घटनास्थल तक पहुंचना पड़ा। इस कारण राहत कार्य में देरी हुई।
ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक किसान का भारी नुकसान हो चुका था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही नहर किनारे फैली सूखी झाड़ियों की नियमित सफाई कराने व आपातकालीन मार्गों को सुचारु रखने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं के दौरान राहत व बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।