नारनौल। राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ में विभिन्न खेलों में जिले के करीब 300 खिलाड़ी भाग लेंगे। जिला खेल अधिकारी नरेंद्र कुंडू ने बताया कि खेल महाकुंभ का आयोजन 24 से 26 सितंबर तक 7 जिलों में किया जाएगा।
पंचकूला में टेबल टेनिस, जूडो, वॉलीबॉल, कुश्ती, कराटे व पुरुष हॉकी का आयोजन किया जाएगा। वहीं क्रिकेट व वेट लिफ्टिंग खेल गुरुग्राम में, कबड्डी व तीरंदाजी खेल पलवल में, खोखो पानीपत में, जिमनास्टिक व स्विमिंग खेल अंबाला में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों का दल 23 सितंबर को आयोजन स्थल के लिए रवाना होगा।
अलग-अलग दल के साथ निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों में खेल महाकुंभ में भाग लेने के लिए उत्साह है। उम्मीद है कि सभी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे व जिले के लिए पदक जीतेंगे। गौरतलब है कि खेल महाकुंभ के प्रथम चरण में बॉक्सिंग, एथलेटिक्स खेलों में जिले के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर रहा था। लेकिन कुछ खेलों में जिले के खिलाड़ी प्रथम चरण में हारकर ही बाहर हो गए थे।