नारनौल। किसानों को बागवानी विभाग की योजनाओं और आधुनिक तकनीकों की जानकारी देने के लिए मंडलाना में जिला स्तरीय सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें करीब 250 किसानों ने भाग लिया और विशेषज्ञों से बागवानी की नई तकनीकों व सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में जिला परिषद चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में परंपरागत खेती के साथ आधुनिक बागवानी अपनाना जरूरी है। किसान वैज्ञानिक तकनीकों का इस्तेमाल कर कम लागत में अधिक मुनाफा कमा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि विभाग पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। इस दौरान उन्होंने किसानों और उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया।
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार बागवानी फसलों को नुकसान से बचाने के लिए बीमा योजना चला रही है। इसके तहत फलों पर 50 हजार रुपये प्रति एकड़ और सब्जियों व मसालों पर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ का बीमा होगा। किसानों को क्रमशः 1,000 और 800 रुपये प्रीमियम देना होगा। इच्छुक पंजीकरण करा सकते हैं।
उद्यान विकास अधिकारी डॉ. सांवरमल चौधरी ने बताया कि योजनाओं का लाभ पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेगा। पहले मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण कराकर विभागीय पोर्टल पर आवेदन करना होगा। संवाद