सतनाली। क्षेत्र में भूजल स्तर लगातार गिरता जा रहा है। नहरी पानी नहीं मिलने से क्षेत्र के लोगों के समक्ष पेयजल तक का संकट छा गया है, नहरी विभाग के जिम्मेदार पानी वितरण में क्षेत्र के साथ लगातार भेदभाव कर रहे हैं। जिम्मेदारों ने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान के प्रयास तक शुरू नहीं किए हैं। पहले क्षेत्र को उनके हिस्से का पानी मिलने से परेशानी नहीं होती थी। लोगों का कहना है कि यदि यही हालात रहे तो पीने के पानी के लिए भी लाले पड़ जाएंगे।
मंगलवार को सतनाली खंड के 25 गांवों के सरपंचों व ग्राम पंचायत सदस्यों ने एडीसी वैशाली सिंह को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र को उसके हिस्से का पानी दिलाने की मांग उठाई। एडीसी ने सरपंचों से आश्वासन दिया कि इस मामले को सरकार के संज्ञान में भेज दिया जाएगा। सतनाली खंड सरपंच मनीषा ने बताया कि अब गर्मी की शुरुआत हो चुकी है लेकिन नहरों से जुड़े होने के बावजूद भी क्षेत्र के करीब 35 जोहड़ों में पानी की एक बूंद तक नहीं पहुंच पाई है। नहरों से जुड़ने का आज भी इंतजार है। ग्रामीण इसके लिए वर्षो से संघर्ष कर रहे हैं। इस मौके पर प्रदेश सरपंच एसोसिएशन की उपाध्यक्ष दीपिका यादव की ओर से प्रवीण यादव माजरा खुर्द, राजेंद्र प्रसाद नावां सरपंच, चंद्र प्रकाश सुरेहती जाखल सरपंच, सुनीता डालनवास सरपंच, टिन्नू देवी सरपंच जड़वा, ज्योति, हितेश, ममता, विनोद, प्रमेश्वरी, सोनू, कमल, राकेश सहित अनेक गांवों सरपंच व पंच उपस्थित रहे।