कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए रोडवेज विभाग ने बसों में यात्रियों की संख्या में कमी कर दी है। अब बसों में 52 की बजाय 25 यात्री ही सफर कर सकेंगे। वहीं किसी के पास मास्क नहीं है तो बस में बैठने नहीं दिया जाएगा।
रोडवेज के जीएम नवीन शर्मा ने बताया कि दिल्ली, राजस्थान में उत्तर प्रदेश में बसों का संचालन जारी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में लॉकडाउन से रोडवेज की सेवा प्रभावित नहीं होगी। जीएम ने बताया कि अब बसों में यात्रियों की संख्या आधी कर दी गई है। जिससे की बसों के अंदर भी सामाजिक दूरी बनी रहे। उन्होंने बताया कि सभी यात्रियों को अब बस में भी मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। जीएम ने बताया कि यात्रियों की उपलब्धता के आधार पर बसों का संचालन हो रहा है। टीआई बाल किशन ने बताया कि नारनौल डिपो से बसें यूपी के लिए प्रतिदिन आगरा और राजस्थान में जयपुर समेत अन्य जगहों पर जाती हैं। प्रदेश सरकार के आदेशानुसार बसों में संक्रमण से बचाव के लिए पूरे प्रबंध किए जा रहे हैं। बसों को सैनिटाइज किया जा रहा है। इसके अलावा चालक व परिचालकों को संक्रमण से बचाव के लिए सरकार एवं प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन के पालन के निर्देश भी दिए गए हैं। एक बस में 25 से 30 यात्री ही यात्रा कर सकेंगे। मास्क बगैर बस में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बता दें कि पिछले साल लॉकडाउन में रोडवेज की बसें करीब 67 दिन नहीं चली थी। ऑनलाक एक में 30 यात्री बैठाकर डिपो की बसों का संचालन शुरू हुआ था।