महेंद्रगढ़। जिले के कॉलेजों में पीजी संकाय में दाखिले के लिए चार दिन में 225 युवाओं ने आवेदन किया है। इच्छुक विद्यार्थी 21 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद दाखिले के लिए अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
सतनाली राजकीय कॉलेज में सबसे ज्यादा 97 आवेदन आए हैं। महिला कॉलेज में 68 और राजकीय पीजी कॉलेज में 60 युवाओं ने आवेदन किया है। आवेदक 22 अगस्त तक अपने आवेदन में सुधार कर सकेंगे। कॉलेजों की ओर से दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन और आपत्तियों का निपटारा 23 अगस्त तक किया जाएगा।
पहली प्रोविजनल मेरिट सूची 23 अगस्त को जारी होगी जबकि अंतिम मेरिट सूची 24 अगस्त को प्रदर्शित की जाएगी। सूची में शामिल विद्यार्थी 25 से 27 अगस्त तक फीस जमा कर दाखिला ले सकेंगे।
खाली सीटों के लिए दूसरे चरण की फिजिकल काउंसिलिंग 28 अगस्त को होगी। इसके बाद 29 अगस्त को पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ 30 अगस्त से 5 सितंबर तक काउंसिलिंग होगी। 6 से 12 सितंबर तक हर दिन 100 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा।
महिला कॉलेज के नोडल अधिकारी डॉ. मक्खन सिंह ने बताया कि 21 अगस्त आवेदन की अंतिम तिथि है। इसके बाद विद्यार्थियों को अतिरिक्त शुल्क देना होगा।