अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। करीब डेढ़ महीने बाद शहर के चार मोहल्लों में शुक्रवार को साफ पानी आया। विभाग ने पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। जनस्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को दोबारा से मोहल्लों में निरीक्षण किया। लोगों से पानी के बारे में फीडबैक भी लिया।
मोहल्ला पड़ाव, शेरागुवाड़ी, मोहल्ला नीमड़ी नीचे, करेलिया बाजार में पिछले करीब डेढ़ महीने से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही थी। करीब 15 दिन से पानी बेहद बदबूदार आ रहा था। अमर उजाला ने इस मुद्दे को उठाया। जिसके बाद जनस्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां कर्मचारी लगाए। जनस्वास्थ्य विभाग की टीम ने पिछले एक सप्ताह में करीब 23 जगह पर गडढ़े खोदकर देखे। वीरवार की शाम उपप्रधान रमेश बोहरा के घर के बाहर लीकेज का मेन कनेक्शन मिला था। देर रात तक लीक कनेक्शन को बंद कर दिया गया। शुक्रवार की सुबह पानी की आपूर्ति छोड़ी गई। जिसमें कुछ देर तक गंदा पानी आया। बाद में पानी पूरी तरह से साफ हो गया। शुक्रवार को जनस्वास्थ्य विभाग के जूनियर इंजीनियर गोरीकांत अपने साथ कर्मचारी लेकर इन चारों मोहल्लों का निरीक्षण करने पहुंचे। घरों में जाकर लोगों से पानी के बारे में फीडबैक लिया।
मोहल्ला वासियों ने बोला थैंक्यू
मोहल्ला पड़ाव निवासी रजनी, सुनीता, पिंकी, रूबी, राजरानी, निर्मल, कृष्णा, इंद्रा, बसंती, बीना, सुनील सहित अन्य ने इस मुहिम के लिए अमर उजाला का धन्यवाद किया। इन लोगों ने कहा कि गंदे पानी को लेकर कई बार शिकायत कर चुके थे। जिस पर सुनवाई नहीं हो रही थी।
वर्जन
इस समस्या का समाधान करने में हमें कई दिन लग गए। अभी लाइनों में पानी होने के कारण एक या दो दिन तक मामूली दिक्कत हो सकती है। दो दिन बाद किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। लोगों को स्वच्छ पानी की आपूर्ति रहेगी। पानी के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं।
- गोरीकांत, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ,महेंद्रगढ़।