अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। पीजी कालेज में नियमित कक्षाएं शुरू होने के बाद कक्षाओं से अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के नाम काटने का सिलसिला तीसरे दिन भी जारी रहा। अब तक महाविद्यालय के 1628 विद्यार्थियों के नाम काटे जा चुके है। महाविद्यालय प्रशासन ने तीसरे दिन विभिन्न संकायों के 369 विद्यार्थियों के नामों की लिस्ट नोटिस बोर्ड पर चस्पा दी है। पहले दिन जहां 704 नाम काटे गए थे, वहीं सोमवार को 554 विद्यार्थियों के और तीसरे दिन 369 विद्यार्थियों के नाम काटे गए है।
बता दें कि गत 16 जुलाई से महाविद्यालयों में नियमित कक्षाएं चालू हो गई थी, लेकिन अनेक ऐसे विद्यार्थी हैं, जो दाखिला लेने के बाद महाविद्यालय की कक्षाओं में उपस्थित नहीं हुए है। नियमानुसार कालेज में दाखिला लेने के बाद कक्षाओं में हाजिर होना अनिवार्य है। अन्यथा लेक्चर शार्ट होने की स्थिति में विद्यार्थी परीक्षा देने की योग्यता खो सकता है। राजकीय महाविद्यालय में मंगलवार को बीएससी कंप्यूटर साइंस के 5वें सेमेस्टर के 14 विद्यार्थियों के नाम काटे गए हैं। बीकॉम तृतीय सेमेस्टर के 45 विद्यार्थियों के नाम काटे गए हैं। बीएससी नान मेडिकल प्रथम सेमेस्टर के 87 विद्यार्थियों के नाम काटे गए हैं। बीएससी मेडिकल प्रथम सेमेस्टर के 45 विद्यार्थी, बीएससी कंप्यूटर साइंस के 11 विद्यार्थी, बीए प्रथम सेमेस्टर के 212 विद्यार्थियों के नाम काटे गए है।
वर्जन
नाम कटे हुए विद्यार्थियों की रोल नंबर वाइज लिस्ट नोटिस बोर्ड पर चस्पा दी गई है। ऐसे विद्यार्थी 15 दिन की समयावधि के दौरान अपना व अपने पिता या माता का शपथ पत्र और 500 रुपये जुर्माने के साथ अपना नाम लिखवा सकते हैं। निर्धारित समय अवधि के बाद नाम नहीं लिखा जाएगा। यह कार्रवाई नियमित कक्षाएं नहीं लेने वालों के विरुद्ध जारी रहेगा।
- एनएन यादव प्राचार्य, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारनौल।