जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। रविवार को कोरोना के 19 नए संक्रमित मिले हैं। सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जिले में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 256 हो गई है। उन्होंने बताया कि 3 कोरोना संक्रमित को डिस्चार्ज किया गया है। अभी तक जिले में कुल 165 कोरोना संक्रमित ठीक हो चुके हैं। एक कोरोना संक्रमित की मृत्यु हो चुकी है। जिले में 90 केस अभी भी एक्टिव हैं।
उन्होंने बताया कि रविवार को 2 मोबाइल टीमों ने 112 लोगों की स्क्रीनिंग की है। इनमें से 86 मरीजों में सामान्य बीमारी मिली है। जिले में 28 जून तक 73325 नागरिकों की स्क्रीनिंग की गई है। इनमें से 43591 मरीजों में सामान्य बीमारी पाई गई है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के लिए अब तक जिले से 6672 सैंपल भेजे गए हैं। इनमें 262 सैंपल की रिपोर्ट आनी शेष है।
इन गांवों में आए कोरोना केस
रविवार को ककराला में 2, सतनाली में 3 और दौखेरा में 2 कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इसके अलावा हमीदपुर, निंबेहड़ा, भड़फ, नांगल चौधरी, कोटिया, ताजीपुर, खामपुरा, करीरा, बनिहाड़ी, नांगल (अटेली), कटकई व धनौंदा में एक-एक कोरोना संक्रमित केस आया है।
नागरिक अस्पताल में काम करने वाला आउटसोर्सिंग कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव
महेंद्रगढ़। गांव निबेंहड़ा में रविवार को एक कोरोना पॉजिटिव मिला है। उक्त कोरोना मरीज नारनौल स्थित नागरिक अस्पताल में आउटसोर्सिंग के तहत लगा हुआ है। वह रोजाना गांव से नागरिक अस्पताल रोजाना अप-डाउन करता था। संक्रमित युवक का सैंपल 26 जून को नागरिक अस्पताल में ही लिया गया था। जिसकी रविवार को पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद गांव को सैनिटाइज कराया गया। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उक्त युवक को पटिकरा स्थित कोविड-19 अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। वहीं छह घरों में 24 सदस्यों की स्क्रीनिंग की गई। पॉजिटिव केस के संपर्क में आने वाले पांच लोगों के सैंपल लेकर उनको एकांतवास में रहने के लिए बोला गया है। कोविड-19 की मोबाइल टीम ने पांचों लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। टीम में स्वास्थ्य निरीक्षक रामपाल यादव, स्वास्थ्य कर्मी सतपाल व रोशनी देवी शामिल थी।
कनीना क्षेत्र में पांच नए केस आए सामने
कनीना। क्षेत्र में कोरोना के पांच नए संक्रमित मिले हैं। एसएमओ डॉ. धर्मेंद्र ने बताया कि कस्बे में रविवार को पांच नए कोरोना संक्रमित के सामने आए हैं। सभी ने 26 जून को अपना सैंपल दिया था, जिनकी रविवार को पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। पहला केस 52 वर्षीय एक पुरुष ककराला गांव का है, जो कि हनुमानगढ़ से आया था। दूसरा केस कोटिया का है, जो 56 वर्षीय एक पुरुष है। सीआरपीएफ कर्मी दिल्ली से आया था, 26 जून को सैंपल दिया 28 जून को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तीसरा केस राकेश भड़फ गांव का 33 वर्षीय एक व्यक्ति है, जोकि दिल्ली से आया था। जिसने 26 जून को अपना सैंपल दिया था, 28 जून को कोरोना संक्रमित रिपोर्ट पॉजिटिव आई। चौथा केस 36 वर्षीय व्यक्ति जो कि ककराला गांव का रहने वाला है। दिल्ली से आया था 26 जून को सैंपल दिया, 28 जुन को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पांचवां केस 30 वर्षीय व्यक्ति करीरा गांव का रहने वाला है, जो कि आर्मी में जम्मू एंड कश्मीर से आया था। 26 जून को उसने अपना सैंपल जमा करवाया, 28 जून को उसकी रिपोर्ट संक्रमित आ गई। इन पांचों में से दो संक्रमितों को पटिकरा भर्ती करावा दिया है। बाकी तीन को होम आइसोलेट कर दिया गया है। संक्रमितों के घरों के आसपास रहने वालों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
सतनाली में आशा वर्कर सहित तीन कोरोना पॉजिटिव
सतनाली मंडी। सतनाली क्षेत्र में दो दिन में छह कोरोना संक्रमित केस मिले। रविवार को सतनाली में एक आशा वर्कर के अलावा एक युवक और एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। तीनों संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया है। सतनाली सीएचसी प्रभारी डॉ. मनीष यादव ने बताया कि रविवार को सतनाली में एक आशा वर्कर, एक युवक और एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उन्होंने बताया कि संक्रमित तीनों का ही सतनाली सीएचसी में 26 जून को सैंपल लिया गया था, जिनकी रविवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें घर में एकांतवास में रखा गया है। जबकि परिवार के सदस्यों को घर में रहने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि सीएचसी की टीम ने 14 लोगों की स्क्रीनिंग की और 9 लोगों के सैंपल लिए।