अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारनौल प्रशासन ने एक बार फिर से नियमित कक्षाओं नहीं लेने वाले विद्यार्थियों पर सख्ती करदी है। कॉलेज प्रशासन ने ऐसे 528 के करीब विद्यार्थियों का नाम काटकर उनकी लिस्ट नोटिस बोर्ड पर चस्पा दी है। नाम काटे गए विद्यार्थियों को नाम लिखवाने के लिए 15-20 दिनों का समय दिया गया है। अगर विद्यार्थी इस समय अवधि के दौरान नाम नहीं लिखवाता है तो नियमानुसार उसका नाम नहीं लिखा जाएगा।
कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य एनएन यादव ने बताया कि नियमित कक्षा नहीं लेने वाले विद्यार्थियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रखा है। अगस्त में भी 704 के करीब विद्यार्थियों के नाम काटे गए थे। जिसके बाद कालेज में विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई। परंतु अभी भी कुछ विद्यार्थी नियमित कक्षाओं में नहीं पहुंच रहे है। ऐसे 528 विद्यार्थियों के नाम काट कर उनकी सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा दी गई है। उन्होंने बताया कि कुछ विद्यार्थी की सोच है कि वे परीक्षा के नजदीक अपना नाम लिखवा लेंगे। उन्होंने ऐसे विद्यार्थियों विशेषतौर पर आगाह करते हुए कहा कि ऐसे विद्यार्थियों का नाम नहीं लिखा जाएगा। अगर किसी तरह विद्यार्थी नाम लिखवा भी लेता है तो उसके लेक्चर शार्ट होने की स्थिति में परीक्षा के दौरान रोल नंबर नहीं दिए जाएंगे। उन्होंने कार्यवाहक प्राचार्य ने ऐसे विद्यार्थियों के अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों के बारे में जानकारी ले कि वह कॉलेज जा रहा भी या नहीं और उनके बच्चे का नाम कट गया तो वे समय पर नाम लिखवाकर उसका कालेज में आना सुनिश्चित करे ताकि वह परीक्षा की सही समय पर तैयारी कर सके।
अगस्त में काटे 704 नाम, अब तक 394 लिखे
कार्यवाहक प्राचार्य एनएन यादव ने बताया कि अगस्त में नियमित कक्षाओं में नहीं पहुंचने वाले 704 विद्यार्थियों के नाम काटे गए है। जिनमें से अभी तक 394 विद्यार्थी अपना नाम लिखवा चुके है। परंतु कुछ विद्यार्थी इसी सोच में है कि वे परीक्षा के समय अपना नाम लिखवा लेंगे। उन्होंने ऐसे विद्यार्थियों विशेष रूप से आगाह किया है कि परीक्षा के समय उनके नाम किसी भी सूरत में नहीं लिखे जाएंगे।
इन कक्षाओं के विद्यार्थियों के काटे 528 नाम
कार्यवाहक प्राचार्य ने बताया कि 4 व 6 सितंबर को विभिन्न सेमेस्टर में पढ़ने वाले 528 विद्यार्थियों के नाम कटे गए है। इनमें बीए प्रथम सेमेस्टर के 125, तृतीय के 18 तथा पांचवें के 69, बीकॉम में प्रथम सेमेस्टर में 19, तृतीय सेमेस्टर में 16 व पंचम में 29 विद्यार्थियों के नाम काटे गए। इसके अलावा नान मेडिकल के प्रथम सेमेस्टर में 83, तृतीय में 44 तथा पंचम में 33, बीएससी मेडिकल के प्रथम सेमेस्टर में 21, तृतीय सेमेस्टर में 19 तथा पंचम सेमेस्टर में 20 एवं बीसीए प्रथम सेमेस्टर में 9, तृतीय में 4 तथा पंचम में 7 विद्यार्थियों के नाम काटे गए है। इनके अलावा पीजी के एमकाम के प्रथम सेमेस्टर में दो, एमएससी बाटनी व मैथ के प्रथम सेमेस्टर में 1-1, एमएससी केमेस्ट्री के प्रथम सेमेस्टर में 5 तथा एमएससी जीयोलाजी के प्रथम सेमेस्टर में 2 विद्यार्थियों के नाम काटे गए है।
वर्जन
अगस्त में नाम कटे विद्यार्थी 10 सितंबर तक अपने माता या पिता को साथ लाकर अपना नाम लिखवा सकते है। इस समय अवधि के बाद उनका नाम नहीं लिखा जाएगा।
- एनएन यादव कार्यवाहक प्राचार्य पीजी कालेज नारनौल।