फोटो 05: वाहन की जांच व कागजात देखती पुलिस। स्रोत: संवाद
नांगल चौधरी। सड़क सुरक्षा को लेकर सोमवार को ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 15 वर्ष से अधिक पुराने और निर्धारित अवधि पूरी कर चुके 17 दोपहिया वाहनों को जब्त किया गया। इसके अलावा बिना हेलमेट वाहन चलाने, जरूरी दस्तावेज साथ नहीं रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों के चालान भी किए गए।
अभियान के तहत मुख्य बाजार, बस स्टैंड, नारनौल रोड, बहरोड़ रोड और अन्य प्रमुख मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस ने ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और हेलमेट सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, सभी दस्तावेज साथ रखने और नियमों का पालन करने की अपील की।