पड़ोसियों की यातना से तंग आकर युवती ने जान दी
-तीन के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। गांव गोद निवासी 20 वर्षीय एक युवती ने शुक्रवार शाम को पड़ोसियों की यातनाओं से आहत होकर अपने ही घर में चुन्नी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। पुलिस ने युवती के भाई युसुफ की शिकायत उनके तीन पड़ोसियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। वहीं नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
युसुफ ने पुलिस को बयान दिया कि उनकी गोद बस स्टैंड पर चूड़ियों की दुकान है। सुबह वह और उसकी माता जाफरान अपनी बहन को घर छोड़कर गए थे। दोपहर करीब तीन बजे जब वे घर चाय पीने के लिए आए तो उन्हें वह घर में नहीं दिखी। इसके बाद उन्होंने ऊपर चौबारे में जाकर देखा तो उसकी बहन पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर लटकी हुई थी। इस पर उन्होंने उसे नीचे उतारा और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान पर विभिन्न लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस को मृतका के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इसमें उसने अपने पड़ोसियों की धमकियों और बातों से आहत होकर यह कदम उठाना बताया है। बताया जाता है कि मृतका के परिजनों व पड़ोसियों के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के बीच हुए मामले में मृतका का पिता नसीबपुर जेल में भी विचाराधीन है।