‘स्कूलों के सुरक्षा नियमों में बदलाव कर एक्ट में करेंगे संशोधन’
शिक्षामंत्री ने कहा- स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा होगी प्राथमिकता, बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं होगी बर्दाश्त
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़।
बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर स्कूल, तहसील और जिला स्तर पर सुरक्षा कमेटी बनाने का प्रावधान है। बच्चों को बस से छोड़ने के मामले में भी सुरक्षा के मापदंड तय हैं। स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी अलग से मापदंड हैं। शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा का कहना है कि स्कूलों को मेन गेट सहित अन्य निर्धारित स्थानों पर सीसीटीवी लगाना और उनकी रिकार्डिंग सुरक्षित रखना भी जरूरी है। स्कूल में दिव्यांग बच्चों का खास ध्यान दिया जाना चाहिए। स्कूल में परामर्शदाता पैनल होना चाहिए। प्रदेश के सभी बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देकर नियमों में सकारात्मक बदलाव के लिए आगामी विधानसभा सत्र के दौरान एक्ट में संशोधन किया जाएगा। सरकार बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए भी हर संभव कदम उठा रही है।
शिक्षामंत्री मंगलवार को महेंद्रगढ़ में जयराम सदन में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। उनका कहना है कि प्रदेश सरकार हरियाणा के सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले सभी बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। बेहतर शिक्षा के साथ-साथ स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता है। सरकारी एवं गैर सरकारी शिक्षण संस्थाओं में बच्चों की शिक्षा एवं सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने की छूट किसी को भी नहीं दी जाएगी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार सभी बच्चों की सुरक्षा एवं शिक्षा के प्रति पूरी तरह गंभीर है। उनकी शिक्षा और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। इस मौके पर डीएसपी सतेंद्र कुमार, बिजली, सिंचाई व जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों सहित मार्केट कमेटी के चेयरमैन कंवर डालू सिंह, सुधीर दिवान, सतबीर यादव नौताना, भूप सिंह सिवाच, कुलदीप शर्मा, महेंद्र सिंह प्रजापत, अमित मिश्रा सहित अनेकों गांवों के सरपंच एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।