अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। अखिल भारतीय किसान सभा द्वारा प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी जेल भरो आंदोलन के तहत गुरुवार को अनेक किसानों ने लघु सचिवालय में विरोध प्रदर्शन किया। अपनी मांग का एक ज्ञापन ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार योगेश कुमार के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने डा. स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू कराने की मांग की। इसके साथ ही देश के किसानों व खेत मजदूरों को कर्जा मुक्त करने, ठेकेदारी व बटाईदार किसानों को सस्ता ऋण उपलब्ध करवाने, सभी छोटे किसानों व खेत मजदूरों को 5 हजार रुपए मासिक पेंशन उपलब्ध करवाने की भी मांग की।
- मांगें नही मानी तो जंतर-मंतर पर देंगे धरना
किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार को चेतावनी दी कि उनकी मांगों को जल्द लागू नहीं किया गया तो 5 सितंबर को पूरे देश के किसान दिल्ली कूच करेंगे और जंतर-मंतर पर सरकार के खिलाफ धरना देंगे। इस मौके पर किसान सभा बाछौद के प्रधान मास्टर धर्मेंद्र यादव, सीटू के महासचिव रोहताश गोठवाल, किरोड़ीमल सैनी, कौशल कुमार, महेंद्र सिंह बोयत, कालूराम, रंगराव सिंह, बीरेंद्र सिंह, रघुवीर सिंह, मनोहरलाल, सुलतान, लालचंद, राजेंद्र, अमर सिंह श्रीराम, सत्यनारायण, वेदप्रकाश, मूलचंद, राजेंद्र सिंह, वासुदेव, महावीर प्रसाद, हरिसिंह, उमराव सिंह, हेतराम समेत अनेक किसानों ने अपनी गिरफ्तारी दी।
- रेस्ट हाउस में एकत्रित हुए किसान
प्रदर्शन से पूर्व जिले भर से आए किसान अखिल भारतीय किसान सभा के जिला प्रधान महेंद्र सिंह यादव की अध्यक्षता में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में एकत्रित हुए। इस मौके पर उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए जिला प्रधान ने कहा कि देश के किसानों की आर्थिक दशा को सुधारने के लिए डॉ. स्वामीनाथन आयोग ने गहन विचार-विमर्श के बाद सरकार से उनकी कुछ सिफारिशों को लागू करवाने की मांग की थी, लेकिन सभी राजनैतिक दलों की सरकारों ने लंबे समय से इस मामले को लटका रखा है। इसके चलते किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य न मिलने पर उनकी दशा बिगड़ गई है। ऐसे में अखिल भारतीय किसान सभा ने सरकार से जल्द से जल्द डा. स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को तुरंत प्रभाव से लागू करवाने के लिए आज पूरे देश में जेल भरो आंदोलन का निर्णय लिया है। इसी के तहत आज पूरे देश के साथ-साथ जिले में भी किसान विरोध प्रदर्शन कर अपनी गिरफ्तारियां देंगे।