अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल।
स्थानीय लघु सचिवालय में जिले में लगातार बढ़ती चोरियों के मामले में पुलिस की नाकामी तथा झज्जर जिले के पाटोदा में अमर शहीद राव तुलाराम की प्रतिमा तोड़ने वाले लोगों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर अनशन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अनशन स्थल पर अकेले अनशन कर रहे वैद्य किशन वशिष्ठ का हौसला बढ़ाने के लिए शुक्रवार रात व शनिवार को अनेक लोगों ने उनका समर्थन किया।
शनिवार को अनशन स्थल पर उनको समर्थन देने वालों में नगर पालिका महेंद्रगढ़ के पूर्व उपाध्यक्ष जेबी सैनी, संजय मान, हरी मोहन, रघुवीर सैनी, मुकेश वालिया, पंडित पवन कौशिक, महाशय नंदराम, राव अभय सिंह बालाजी, विकास शर्मा, राहुल अग्रवाल, सोनू सोनी, मोहित अग्रवाल, जिला व्यापार मंडल के नेता पूर्ण चंद सिंघल, अशोक सैनी कोजिंदा, राजकुमार, लक्की राव, प्रमोद सैनी, मोहित सैनी, कर्ण वशिष्ठ, अनिल चौहान, मोहित सोनी, भुवनेश शर्मा, अनिल यादव, भारत भार्गव, जय सैनी, वेद प्रकाश, मनीष भारद्वाज, मुकेश चौहान, विजय पाल, नेतराम सैनी, अजय अग्रवाल, विनोद बंसल सहित अनेक व्यापारी संगठनों के साथी पहुंचे। शनिवार को अनशन स्थल पर पहुंचकर युवाओं ने वशिष्ठ का स्वागत कर उन्हें अपना समर्थन देने की बात कहीं।
वशिष्ठ ने जिले में बढ़ती चोरियों पर भी गहरा रोष जताया। उन्होंने कहा कि जिले में चोरियों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक 83 चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस एक भी चोरी को ट्रेस करने में कामयाब नहीं हुई है। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि दक्षिण हरियाणा के प्रसिद्ध बाघेश्वर धाम में डकैती की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन में दक्षिणी हरियाणा में विशेषतौर से राव तुलाराम की अहम भूमिका रही है। ऐसे व्यक्तित्व की प्रतिमा खंडित होने के बावजूद सख्त कदम नहीं उठाना प्रशासन व सरकार की उदासीनता का प्रतीक है। आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्रों के मारपीट मामले में निर्दोष युवकों को आरोपी बनाने की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रशासन की भूमिका असहनीय रही है।