साइबर क्राइम थाना नारनौल पुलिस ने शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर 14.26 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी पंकज को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में निजी बैंकों में नौकरी कर चुका है और बैंकिंग सिस्टम की अच्छी जानकारी रखता है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 15 एटीएम कार्ड, 11 चेकबुक, चार मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, दो मोहरें और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। गांव झूक निवासी सुंदर कुमार ने पुलिस को बताया था कि उनके पास व्हाट्सएप पर एक्सिस सिक्योरिटी के अधिकारियों के नाम से कॉल और मैसेज आए थे।
ठगों ने फर्जी एप डाउनलोड करवाकर शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 22 दिसंबर 2025 से 11 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग खातों में 14.26 लाख रुपये जमा करवा लिए। बाद में एप में 33 करोड़ रुपये से अधिक का फर्जी मुनाफा दिखाया और रकम निकालने के लिए 10 प्रतिशत टैक्स के रूप में 3.34 करोड़ रुपये और मांगे। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
जांच में पता चला कि ठगी गई रकम में से 6.33 लाख रुपये ग्वालियर स्थित केकेवीआर कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के खाते में ट्रांसफर किए गए थे। उसी दिन यह राशि पंजाब के फरीदकोट स्थित दूसरे खाते में भेज दी गई। जांच में सामने आया कि इस खाते के खिलाफ देशभर में आठ शिकायतें लंबित हैं जबकि दिल्ली में 96 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज है।
पुलिस टीम जब ग्वालियर स्थित कंपनी के पते पर पहुंची तो कार्यालय बंद मिला। पूछताछ में पता चला कि बैंक खाता खुलवाने के लिए इस्तेमाल किया गया किरायानामा और शपथपत्र फर्जी थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पंकज ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी कंपनी रजिस्टर करवाई थी।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।