नारनौल। आशा वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने वीरवार को रेवाड़ी पहुंचकर अपनी मांगों का ज्ञापन स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के पीए गोविंद गोस्वामी को सौंपा। यूनियन नेताओं ने बताया कि लंबे समय से स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता के लिए समय मांगा जा रहा है लेकिन अब तक बातचीत नहीं हो पाई है।
विज्ञापन
इस पर स्वास्थ्य मंत्री के पीए गोविंद गोस्वामी ने आश्वासन दिया कि 8 मई सुबह 10 बजे तक मंत्री से वार्ता की तिथि निर्धारित कर दी जाएगी।
आशा वर्कर्स यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर बातचीत नहीं हुई तो 9 मई को पूरे हरियाणा की आशा वर्कर्स स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के अटेली कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करेंगी। प्रतिनिधिमंडल में सीटू राज्य कमेटी सदस्य रोहतास गोठवाल, संतोष जाखनी और सुशीला नारनौल शामिल रहे।
यूनियन ने केंद्र सरकार द्वारा घोषित 1500 रुपये मानदेय वृद्धि लागू करना, हड़ताल अवधि में काटा गया मानदेय व इंसेंटिव बहाल करना, आशा वर्कर्स को पक्का कर्मचारी घोषित करना और तब तक 30 हजार न्यूनतम वेतन व सामाजिक सुरक्षा लाभ देने की मांग रखी।
विज्ञापन
इसके अलावा सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, रिटायरमेंट लाभ, बोनस, राशन मनी, महंगाई भत्ता, ऑनलाइन कार्य के दबाव पर रोक, स्वास्थ्य सुविधाएं और विभिन्न योजनाओं के लंबित भुगतान जारी करने की मांग भी उठाई गई। यूनियन नेताओं ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।