नारनौल। भोजावास बस स्टैंड पर लंबी दूरी की बसों के नियमित रूप से नहीं रुकने से परेशान लोगों ने वीरवार को हरियाणा राज्य परिवहन के महानिदेशक धीरेन्द्र खड़गता से मुलाकात की। पवन दौंगली भारतीय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर, अजमेर और पुष्कर जाने वाली सभी बसों को भोजावास स्टैंड पर रोकने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यह समस्या वर्ष 2020 से चली आ रही है। उस समय परिवहन मंत्री मुलचंद शर्मा से मुलाकात के बाद नारनौल डिपो की बसें यहां रुकने लगी थीं। दादरी डिपो के महाप्रबंधक ने भी बसें रोकने का लिखित आश्वासन दिया था। इसके बावजूद अब बसें नियमित नहीं रुकतीं।
पवन दौंगली ने कहा कि भोजावास सहित 13 गांवों के मरीज, विद्यार्थी और कर्मचारी रोजाना जयपुर आते-जाते हैं। बस नहीं मिलने से उन्हें परेशानी होती है और अतिरिक्त समय व पैसा खर्च करना पड़ता है। उन्होंने दादरी डिपो की सभी बसों को भी भोजावास में रोकने की मांग की।