दिन भर छाए रहे बादल, हल्की बारिश की संभावना
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाये रहने से लोग ठंड से छुटकारा पाने के लिए धूप के लिए मोहताज रहे। दोपहर बाद आसमान में घने बादल छाने से दिन के समय लोगों को कपकपी चढ़ रही थी, वहीं अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। आसमान में बादल छाए ने किसानों के चेहरों पर रौनक दिखाई देने लगी है। मौसम विभाग ने दो दिन में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है वहीं धूंध व ठंड में भी बढ़ोतरी होगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान तीन डिग्री गिरकर 18.5 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री की गिराकर 3.5 डिग्री पर पहुंच गया है। जबकि वीरवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री व अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
किसानों का मानना है कि इस समय अगर बारिश रबी होती है तो यह फसलों के लिए वरदान साबित होगी । क्षेत्र में मुरझाई हुई सरसों व चने की फसल को बरसात की सख्त जरूरत है। पानी के अभाव में नारनौल व नांगल चौधरी क्षेत्र का आधे से अधिक रकबा बारानी हैं। बारानी रकबे में सिंचाई का एकमात्र साधन बरसात है। गांव खटोटी खुर्द निवासी किसान विद्याधर व रामदेव ने बताया कि यदि इस समय बारिश हो जाती है तो सरसों व चने के उत्पादन में बढ़ोतरी होगी।
एक हफ्ते से तापमान में लगातार हो रहा उतार-चढ़ाव
पिछले एक सप्ताह से लगातार मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। वीरवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री व न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस था। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री व न्यूनतम 3.5 डिग्री पर पहुंच गया। इससे पहले दो जनवरी को न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री व अधिकतम 21.7 डिग्री सेल्सियस था। पिछले साल 29 दिसंबर को सबसे न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन के अंदर हल्की बारिश होने की संभावना है। जिससे क्षेत्र में धूंध व कोहरे ओर बढ़ेगा।
स्कूलों पर कसा शिकंजा
शीतकालीन अवकाश के दौरान जिले में निजी स्कूल खुले रहने पर शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लेते हुए 11 स्कूलों को नोटिस देकर जवाब तलब किया है। वहीं नारनौल, नांगल चौधरी के बीईओ अपने क्षेत्र के निजी स्कूलों पर नजर रखे हुए है। हालांकि निजी स्कूल बोर्ड की परीक्षा को देते हुए दसवी व बाहरवीं के बच्चों को स्कूल में बुला रहे है।