नपा सचिव ने जारी किया बैठक स्थगित करने का पत्र, चेयरपर्सन बोलीं, उनको नहीं है यह हक
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। नगरपालिका के सचिव राजाराम वीरवार को ज्वाइन करते ही नगर पालिका की चार जनवरी को होने वाली बैठक स्थगित करने का पत्र जारी कर दिया। उन्होंने इसकी कॉपी 15 पार्षदों सहित दो मनोनीत पार्षद, शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा और सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह को किया है। वहीं शुक्रवार को नपा चेयरपर्सन रीना गर्ग ने तीन पार्षदों के साथ कार्यालय पहुंची और कोरम के अभाव में बैठक स्थगित करने की बात कही। इसकी कार्रवाई स्वयं चेयरपर्सन रीना गर्ग ने ही कार्रवाई रजिस्टर में लिखी। कार्रवाई में अगली मीटिंग की तारीख 9 जनवरी को दी है।
सचिव ने नोटिस में बताया कि 27 दिसंबर को मीटिंग के आयोजन के बारे में मीटिंग एजेंडा जारी किया गया था। नियमानुसार मीटिंग एजेंडे पर उनके हस्ताक्षर होने चाहिए। लेकिन प्रधान द्वारा जारी नोटिस पर सचिव के हस्ताक्षर नहीं हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मीटिंग एजेंडे का नोटिस वार्ड 6, 11, 15 तीन पार्षदों को जारी नहीं किया गया और न ही एजेंडे में उच्च न्यायालय का कोई भी हवाला दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रधान की ओर जारी किया नोटिस म्यूनिसिपल बिजनेस बाइ-लॉ 1981 के उलट है। इसलिए मीटिंग अगले आदेशों तक स्थगित की जाती है। सचिव की ओर से बैठक स्थगित करने का नोटिस 15 पार्षदों, दो मनोनीत पार्षद, शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा, सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह को जारी किया गया है। इसकी एक कॉपी उपायुक्त को भेजी गई है।
---
नगरपालिका चेयरपर्सन रीना गर्ग पालिका कार्यालय पहुंचीं। लेकिन कोरम पूरा नहीं होने के कारण मीटिंग स्थगित कर दी। मीटिंग में इस मौक पर नपा चेयरपर्सन, उनके पति सुरेंद्र बंटी, पार्षद कृष्णा जांगड़ा, पार्षद मनीष सैनी उपस्थित थे। सचिव शुक्रवार को अवकाश पर थे। सचिव की अनुपस्थित होने पर चेयरपर्सन रीना गर्ग ने ही कार्रवाई रजिस्टर में कार्रवाई लिखी। साथ ही कार्रवाई रजिस्टर में सचिव के खिलाफ भी लिखा गया है। उन्होंने लिखा कि सचिव को मीटिंग का पता होने के बाद भी अनुपस्थित रहे।
---
मीटिंग स्थगित करने का सचिव का हक नहीं है। सचिव कार्रवाई लिख सकता है। सचिव के अनुपस्थित रहने पर चेयरपर्सन कार्रवाई लिख सकती हैं। आज की मीटिंग पार्षद की सहमति से स्थगित कर दी गई है। अगली मीटिंग 9 जनवरी को आयोजित की जाएगी।
- रीना गर्ग, चेयरपर्सन, नपा महेंद्रगढ़।
---
सचिव की ओर से 3 दिसंबर को मीटिंग स्थगित करने के लिए उपायुक्त को लिखा गया था। मीटिंग की कार्रवाई लिखने का अधिकार केवल सचिव का ही होता है। चेयरपर्सन की ओर से मीटिंग बुक का मिस यूज किया जा रहा है। मीटिंग बुक भी सचिव के पास ही होती है। - चमनलाल, एमई, नगरपालिका महेंद्रगढ़।