अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। धनतेरस पर शहर के बाजारों में दिनभर रौनक रही और लोगों ने जमकर खरीददारी की। शहर के व्यापारियों की माने तो करीब से सात से आठ करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। लोगों ने लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां व चांदी के सिक्कों को खरीदा। इसके अलावा, इलेक्ट्रॉनिक के सामान, बाइक, कार, बर्तन और कपड़े की भी लोगों ने खरीदे। शहर के पुल बाजार, मेन बाजार और मनक चौक पर सुबह से लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी जो देर शाम तक बनी रही। धनतेरस पर होंडा, हीरो, बजाज, टीवीएस कंपनी के करीब 200 मोटरसाइकिल व 15 कार की बिक्री हुई है। कारोबारियों के अनुसार इस बार ऑटो मार्केट पिछले साल से अच्छा रहा।
व्यापारी एसोसिएशन के प्रधान बजरंग लाल ने बताया कि शहर में करीब आठ करोड़ का कारोबार हुआ होगा। ऑफर के चक्कर में काफी लोगों ने वाहन बुक कराया है। सर्राफा व्यापारी अजीत जैन व सीताराम ने बताया कि करीब दो से ढाई करोड़ रुपये का कारोबार हुआ होगा। इसमें सबसे अधिक बिक्री लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां व चांदी के सिक्कों की हुई। बर्तन विक्रेता संघ के प्रधान मुकेश ने बताया कि 50 से 60 लाख रुपये की बिक्री हुई होगी। इलेक्ट्रॉनिक शोरूम अंबिका के संचालक आशीष चौधरी ने बताया कि स्मार्ट एलईडी की बिक्री हुई।
लोगों ने की पूजा अर्चना
सोमवार को क्षेत्र में धनतेरस का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। व्यापारियों व लोगों ने भगवान धन्वंतरि की पूजा अर्चना की। धनतेरस पर बर्तनों की दुकानें सुबह से ही सज गई थी।