अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में जिले के सभी उप पुलिस अधीक्षक, थाना प्रबंधक, चौकी इंचार्ज व कार्यालय के ब्रांच इंचार्ज की बैठक ली। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने पेंडिंग मुकदमों तो तुरंत निपटारे के आदेश भी दिए।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने जिले का कार्यभार संभालने के बाद शुक्रवार को अपने कार्यालय में सभी पुलिस कर्मचारियों की बैठक ली। जिसमें उन्होंने सभी डीएसपी व थाना प्रबंधकों व चौकी इंचार्ज को अपराध पर अंकुश लगाने बारे में सख्त आदेश दिए। उन्होंने कहा कि अच्छा कार्य करने वाले को इनाम दिया जाएगा। अभी वे किसी को कुछ नहीं कहेंगे परंतु अगली मीटिंग में उनके कार्य में कोताही पाई तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसपी ने थाना अनुसार सभी थाना प्रबंधकों को सख्त आदेश दिए की एक सप्ताह में सभी पेंडिंग दरखास्त का निपटारा करके उनके समक्ष रिपोर्ट पेश करे। पुलिस अधीक्षक ने महिला थाना प्रभारी को महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी दिशा निर्देश जारी किए। कहा कि कर्मचारी अपना कार्य बिना किसी दवाब व इमानदारी से करे। इस अवसर पर डीएसपी विनोद हेड क्वाटर, डीएसपी महेश कुमार सिटी नारनौल, रीडर रवींद्र, एएसआई जगदीप, हेड क्लर्क सुरेश, स्टेनो एएसआई नारायण सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
-स्वतंत्रता दिवस पर रखे विशेष निगरानी
मीटिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रबंधकों व चौकी इंचार्ज को स्वतंत्रता दिवस पर अपने अपने क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने की हिदायत दी। उन्होंने होटलों, गेस्ट हाउसों में रुकने वालों लोगों की पहचान करे और संदिग्ध लोगों का पर्चा अजनबी भरकर उनके थाना में भेजे।