अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। 25 किलोमीटर की सवारी करने के बाद ही कांग्रेस के दिग्गज परिवर्तन बस को छोड़कर स्कॉर्पियो में सवार हो गए। महेंद्रगढ़ में राव तुलाराम चौक पर सभा को संबोधित करने के बाद दिग्गजों ने स्कॉर्पियो की सवारी की। आगे की सीट पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद बैठे। बीच वाली सीट पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अशोक तंवर, श्रुति चौधरी , राव दान सिंह सवार हुए। सभा को संबोधित करते हुए गुलाम नबी आजाद, पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने दावा किया कि श्रुति चौधरी भिवानी-महेंद्रगढ़ से चुनाव लड़ेगी।
बुधवार की सुबह करीब 11 बजे राव तुलाराम चौक पर कांग्रेस की परिवर्तन बस यात्रा का समर्थकों ने फूल मालाओं से स्वागत किया। कांग्रेस के दिग्गजों ने राव तुलाराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए । राव तुलाराम चौक से कुछ दूरी पर ही श्रुति चौधरी के कार्यालय में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा कुछ सेकंड के लिए रुकी। यहां खड़ी महिला कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करने के बाद यात्रा दादरी की ओर बढ़ गई। कांग्रेस के दिग्गज नारनौल से बस में सवार हुए थे। करीब 25 किलोमीटर बस में सफर करने के बाद महेंद्रगढ़ के राव तुलाराम चौक के बाद स्कॉर्पियो में सवार हो गए। जिले के आखिरी गांव आकोदा में भी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की परिवर्तन बस यात्रा का स्वागत किया। यहां भीड़ कम देखकर कांग्रेसी दिग्गजों ने संबोधन नहीं दिया। गुलाम नबी आजाद स्कॉर्पियो गाड़ी में शीशा बंद किए ही बैठे रहे। पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने गाड़ी की खिड़की पर खड़े होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। श्रुति चौधरी ने गाड़ी की अगली खिड़की पर खड़े होकर हाथ हिलाते हुए लोगों का अभिवादन किया। अशोक तंवर कुछ देर के लिए गाड़ी से नीचे उतरे।
हुड्डा बोले श्रुति को संसद भेजो
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा की एकमात्र सेंट्रल यूनिवर्सिटी को महेंद्रगढ़ में स्थापित कराया। यहां से विधायक रहते हुए हमारे साथी राव दान सिंह ने हर क्षेत्र में विकास कार्य कराए। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि पिछले पांच साल से यहां से पंडित जी हमारे दोस्त विधायक हैं, क्या उन्होंने कोई विकास कार्य कराया ? खाद के कट्टे का पांच किलो वजन कम कर दिया। उसका रेट बढ़ा दिया। कांग्रेस सरकार ने 3 लाख 82 हजार लोगों को 100-100 गज के प्लॉट दिए। भाजपा ने एक भी गरीब को प्लॉट नहीं दिया। कांग्रेस सत्ता में आते ही कर्ज माफ करेगी। न्यूनतम आय के तहत सालाना 72 हजार रुपये प्रदान करेगी। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हमारी बेटी श्रुति चौधरी यहां से लड़ रही है। उसको जिताकर संसद में भेजो।
डीजे पर हुड्डा, दान सिंह के गाने
तमाम निर्देशों के बावजूद समर्थक कांग्रेस की बजाए अपने नेताओं के गुणगान में जुटे। आकौदा में राव दान सिंह के समर्थक राहुल गांधी, पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, पूर्व सीपीएस राव दान सिंह के गाने ही डीजे पर बार बार बजाते रहे। यो हुड्डो दोबारे आवगो रै सबकी मौज करावेगो, या जनता खुशी मनावेगी र जब कांग्रेस सरकार आवेगी गाने खूब बजाए गए। श्रुति चौधरी के कुछ समर्थक श्रुति चौधरी के होर्डिंग्स लेकर पहुंचे।