अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल/महेंद्रगढ़। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के चेयरमैन की फ्लाइंग ने शनिवार को गांव सेहलंग में बने परीक्षा केंद्र में छापा मारा। यहां फ्लाइंग ने पांच केस बनाए। जबकि जिला स्तर के उड़नदस्तों ने चार केस बनाए। इतिहास के पेपर में कुल नौ नकलची पकड़े गए।
शनिवार को विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के चेयरमैन जगबीर सिंह के विशेष उड़नदस्ते ने छापा मारा। यहां बाहरी तत्वों का काफी अधिक हस्तक्षेप मिला। उड़नदस्ते ने परीक्षा केंद्र के अंदर घुसते ही परीक्षार्थियों की जांच शुरू की, जिसमें केंद्र पर पांच परीक्षार्थी नकल के साथ पकड़े गए। उड़नदस्ते ने चेेतावनी देते हुए कहा कि अगर यहां पर बाहरी हस्तक्षेप हुआ तो केंद्र को रद्द करने पर विचार करेंगे। शनिवार को दसवीं के इतिहास के पेपर में 60 परीक्षा केंद्रों पर 15 हजार छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। बोर्ड के जिला परीक्षा नियंत्रक विनोद कुमार ने बताया कि शनिवार को बोर्ड की ओर जिला स्तर पर गठित उड़नदस्ते ने चार नकल के मामले पकड़े। उन्होंने बताया कि डीसी फ्लाइंग ने नकल का एक केस, एसडीएम फ्लाइंग ने एक, जिला शिक्षा अधिकारी के उड़नदस्ते ने एक केस बनाया। बोर्ड कार्यालय की टीम ने भी नकल का एक मामला पकड़ा।