अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़/नारनौल। त्योहार का सीजन आते ही राखियों के साथ-साथ शहर के बाजारों में मिठाइयों की दुकानें भी सजने लगी है। रक्षाबंधन पर बहन-भाई की कलाई पर राखी बांधने के बाद उसका मुंह मीठा करवाती है। इसमें बहनें आगरा का पेठा, बर्फी व कलाकंद आदि मिठाईयां लेकर जाती है। महावीर चौक, जलेबी गली, कटला बाजार व आजाद चौक आदि स्थानों पर मिठाईयों की दुकानें सजने लगी है।
हलवाई राकेश ने बताया कि इस त्यौहार पर सबसे ज्यादा आगरा का पेठा व बर्फी की ज्यादा डिमांड रहती है। चीनी व दूध के दामों में बढ़ोतरी के चलते इस बार मिठाईयों में तेजी रहेगी। इस समय चीनी का भाव 3350 रुपये प्रति क्विंटल व दूध का भाव 60 रुपये प्रति किलो है। बाजार में पेठा 80-90 रुपये प्रति किलो व बर्फी 400-500 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मिल रही है। त्योहार पर हो रही बिक्री को लेकर दुकानदार काफी खुश है। करीब 30 फीसदी से अधिक कारोबार होने की उम्मीद है।
दूसरी ओर महेंद्रगढ़ में भी हलवाई खोवा की मिठाईयां तैयार करने में लगे हुए है। इसके अलावा हलवाई पतीसा तथा पेठा की मिठाई बाहर से मंगवाई जा रहीं हैं। महेंद्रगढ़ हलवाई यूनियन के प्रधान लक्ष्मी नारायण सैनी ने बताया कि रक्षाबंधन पर एक दुकान पर लगभग 60 किलो मिठाई की बिकने की औसत होती है। इस बार लगभग 65 किलो मिठाई बिकने की संभावना है। रक्षाबंधन पर सबसे अधिक पेठे की मिठाई पसंद की जाती है। पेठा इस बार 80 से 90 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। रक्षाबंधन त्योहार हलवाई त्योहार के लिए बर्फी, पेड़ा, कलाकंद आदि खोवा की मिठाई तैयार की जा रही है। इसके अलावा रसगुल्ला, गुलाब जामुन, मुंग के लड्डू सहित अनेक मिठाइयां भी बनाई जा रही हैं। इस बार मिठाइयों की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। खोवा की मिठाई 300 रुपये प्रति किलो, गुलाब जामुन 150, रसगुल्ला 120 तथा लड्डू 120 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहे हैं।
रक्षाबंधन पर पेठे की मांग अधिक
दुकानदारों के अनुसार रक्षाबंधन पर अन्य मिठाईयों के मुकाबले पेठे की मांग अधिक रहती है, क्योंकि पेठे की मिठाई अधिक पसंद की जाती है। दीवाली पर्व पर अन्य मिठाइयों का जोर रहता है। इस प्रकार रक्षाबंधन पर अन्य मिठाइयों की मांग ही रहती है।